Aryan Khan: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान एक बार फिर से कानूनी विवाद में फंस गए हैं। दरअसल आर्यन खान का लेटेस्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक पब में मिडल फिंगर दिखाते हुए अश्लील इशारा करते दिख रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही बेंगलुरु के एक वकील ने उनके खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
वकील ओवैज हुसैन एस ने अपनी शिकायत में कहा कि इस घटना के दौरान वहां कई महिलाएं थीं। उनका कहना है कि आर्यन का यह व्यवहार मर्यादा के बाहर का है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार का अश्लील इशारा सार्वजनिक शिष्टाचार और मर्यादाओं का उल्लंघन करता है। उन्होंने बेंगलुरु पुलिस महानिदेशक, सिटी कमिश्नर, डीसीपी और संबंधित थाना को FIR दर्ज करने को भी कहा है।
वहीं, बेंगलुरु पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की है। पुलिस ने कहा कि वो क्लब परिसर की सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यह मामला भारतीय नव्य न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 173B के अंतर्गत है, जो सार्वजनिक आपत्तिजनक हरकतों से जुड़ा होता है। अगर आरोप सही हुए, तो अभद्रता या सार्वजनिक अश्लीलता की धारा लागू की जा सकती है।
बता दें कि यह घटना 28 नवंबर को तब हुई जब आर्यन एक प्रमोशनल इवेंट में हिस्सा लेने बेंगलुरु के एक पब में पहुंचे थे। वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि आर्यन खान भीड़ को हाथ हिलाते हैं, बाद में अचानक मिडिल फिंगर करते दिखाए गए। वीडियो के वायरल होते ही विवाद शुरू हो गया। इससे पहले आर्यन अक्टूबर 2021 में उस समय कानूनी पचड़े में फंसे थे। जब उन्हें NCB ने मुंबई के क्रूज़ पर ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था।