रियलिटी शो बिग बॉस 19 में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर टॉप 6 तक पहुंची मालती चहर ने हाल ही में अपने बचपन और पारिवारिक संघर्षों पर चुप्पी तोड़ी है। भारतीय क्रिकेटर दीपक चहर की बहन मालती ने एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे उनके बचपन का बड़ा हिस्सा माता-पिता के झगड़ों और तनाव से घिरा रहा।
मालती ने खुलासा किया कि उनके माता-पिता अक्सर झगड़ते थे और उस माहौल का असर सीधे उन पर पड़ता था। कई बार बहस के बाद गुस्से का निशाना वही बनतीं और उन्हें मार भी पड़ती। उन्होंने कहा कि बड़े होने के नाते उन्हें सब कुछ देखना और सहना पड़ा, जबकि उनका भाई क्रिकेट में व्यस्त रहने के कारण इन झगड़ों से दूर रहता था।
मालती ने बताया कि उनके जीवन का सबसे कठिन दौर वह था जब उनके पिता ने उनसे बातचीत करना बंद कर दी थी। यह दूरी तब तक बनी रही जब तक उन्होंने अपनी क्लास 12 पूरी नहीं कर ली। इस दौरान उन्हें न केवल भावनात्मक खालीपन झेलना पड़ा बल्कि अपने सपनों को लेकर भी संघर्ष करना पड़ा। मालती ने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और मनोरंजन जगत में करियर बनाने की इच्छा जताई थी, लेकिन पारिवारिक माहौल ने उनके फैसलों को और कठिन बना दिया।
हालांकि इन मुश्किल हालातों के बावजूद मालती ने खुद को संभाला और बिग बॉस 19 में अपनी पहचान बनाई। शो में उन्होंने अपनी सच्चाई और संघर्षों को खुलकर साझा किया, जिससे दर्शक उनसे जुड़ाव महसूस कर सके। उनकी ईमानदारी और साहस ने उन्हें शो में एक मजबूत कंटेस्टेंट बनाया।
सोशल मीडिया पर लोग मालती की कहानी सुनकर भावुक हो गए। कई यूजर्स ने उनकी हिम्मत की सराहना की और कहा कि इतनी कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने खुद को साबित किया।