बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता भारत कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 80 साल के थे। इस खबर की पुष्टि अभिनेता अवतार गिल ने की। उन्होंने बताया, “मैं अभी श्मशान घाट से लौटा हूं। उनके बेटे ने मुझे फोन करके बताया कि भारत कपूर पिछले तीन दिनों से ठीक नहीं थे। वह घर पर ही थे, इससे पहले उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था।”
अवतार गिल ने आगे बताया कि अंतिम संस्कार में बहुत कम लोग शामिल हुए। इसमें परिवार के करीबी सदस्य और उनके थिएटर ग्रुप इप्टा के कुछ लोग मौजूद थे। इस मौके पर राकेश बेदी, निर्देशक रमेश कुमार, अभिनेता कुलदीप सिंह और थिएटर ग्रुप के अन्य सदस्य भी शामिल हुए। भारत कपूर की प्रार्थना सभा 30 अप्रैल को शाम 5 बजे से 7 बजे तक उनके घर पर आयोजित की जाएगी।
चार दशक तक फिल्म इंडस्ट्री में किया काम
भारत कपूर बॉलीवुड के एक जाने-माने अभिनेता थे। उन्होंने करीब चार दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और इस दौरान कई फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। उन्होंने हमेशा अपने रोल को महत्व दिया, इस बात की ज्यादा चिंता नहीं की कि उससे उनकी छवि पर क्या असर पड़ेगा।
1970 के दशक की शुरुआत से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की और लंबे समय तक फिल्मों में सक्रिय रहे। खासकर 1980 और 1990 के शुरुआती दौर में वह कई फिल्मों में नजर आए। भारत कपूर ने भले ही ज्यादा बड़े या लीड रोल कम किए हों, लेकिन उन्होंने छोटे-छोटे किरदारों में भी अपनी मजबूत छाप छोड़ी। वह ज्यादातर सहायक (सपोर्टिंग) और खलनायक की भूमिकाओं में नजर आते थे और अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित करते थे।
भरत कपूर कैंपस, परंपरा, राहत, सांस, अमानत, भाग्यविधाता, तारा, चुनौती और कहानी चंद्रकांता की जैसे टेलीविजन शो में भी दिखाई दिए। वहीं उनकी फिल्मों में 'नूरी' (1979), 'राम बलराम' (1980), 'लव स्टोरी' (1981), 'बाजार' (1982), 'गुलामी' (1985), 'आखिरी रास्ता' (1986), 'सत्यमेव जयते' (1987), 'स्वर्ग' (1990), 'खुदा गवाह' (1992), 'रंग' (1993), 'बरसात' (1995), 'साजन चले ससुराल' (1996) और 'मीनाक्षी: ए टेल ऑफ थ्री सिटीज' (2004) शामिल हैं।