आदित्य धर की फिल्म धुरंधर रिलीज के बाद से चर्चा में बनी हुई है। दर्शकों को फिल्म काफी पसंद आ रही है। धुरंधर 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के बाद ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। वहीं फिल्म के गानों से लेकर कलाकारों की एक्टिंग की भी काफी तारीफ हो रही है। धुरंधर फिल्म का गाना ‘शरारत’ खूब चर्चा में है, जिसमें आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा ने अपने शानदार डांस से लोगों का दिल जीत लिया है। वहीं सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों ये ये चर्चा हो रही है कि इस गाने के लिए पहले तमन्ना भाटिया को ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे करने से मना कर दिया।
वहीं अब कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने इन खबरों पर अपना रिएक्शन दिया है। विजय गांगुली ने बताया कि तमन्ना भाटिया को इस सीन के लिए कभी भी कंसीडर नहीं किया गया। सोशल मीडिया पर चल रही बातें पूरी तरह बेबुनियाद हैं।
कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने सोशल मीडिया पर एक लंबे पोस्ट कर इसके बारे में बात की है। कोरियोग्राफर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “मुझे सिनेमा और फिल्म बनाने में लगने वाली कई लेयर्स के बारे में बातचीत सच में पसंद है।” उन्होंने आगे कहा कि वह आमतौर पर पब्लिक कमेंट्री से बचते हैं क्योंकि शब्दों को अक्सर “क्राफ्ट के बजाय हेडलाइन बनाने के लिए चुनिंदा तरीके से उठाया, गलत तरीके से कोट किया या सनसनीखेज बनाया जाता है।” उनके मुताबिक फिल्म 'धुरंधर' में ये गाना कहानी के एक बेहद अहम और तनावपूर्ण मोड़ पर आता है, जहां पूरा फोकस सस्पेंस और कहानी को आगे बढ़ाने पर रखा गया है, न कि किसी स्टार की मौजूदगी पर।
तमन्ना को किया गया था अप्रोच?
कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने कास्टिंग को लेकर स्थिति साफ करते हुए कहा कि तमन्ना भाटिया को उनकी बड़ी स्टार इमेज की वजह से इस गाने के लिए संपर्क नहीं किया गया। उन्होंने आगे कहा, “यह बुरी बात है कि गाने और शरारत के पीछे के क्रिएटिव इरादे पर बात करने के बजाय, फोकस दो शानदार कलाकारों के बीच तुलना पर चला गया है, जिसमें “रिजेक्शन” जैसे कड़े और आसान शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जो कभी भी शेयर की गई बात का मकसद नहीं था।”
विजय ने आखिर में कहा कि, "सिनेमा एक टीम वर्क होता है, जो आपसी सम्मान, समझ और सही संदर्भ से आगे बढ़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोगों का ध्यान अफवाहों के बजाय असली काम पर रहे और उन सभी लोगों पर जाए, जो फिल्म बनाने में दिल से मेहनत करते हैं।"
पोस्ट कर विजय ने दी जानकारी
एक और पोस्ट में विजय ने साफ किया, “स्पष्ट कर दूं कि इस गाने के लिए तमन्ना भाटिया पर कभी विचार नहीं किया गया। क्योंकि उनकी स्टार पावर इतनी मजबूत है कि वह इस सीन की खास जरूरतों पर भारी पड़ सकती थी। ‘धुरंधर’ में म्यूजिक को एक बेहद हाई-स्टेक्स पल में इस्तेमाल किया गया है, जहां टेंशन सबसे जंरूरी है।” उन्होंने आगे कहा, “इसी वजह से मेकर्स ने दो ऐसे एक्टर्स को चुना, ताकि दर्शकों का फोकस कहानी के आगे बढ़ने पर बना रहे। यह फैसला फिल्म के माहौल को बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया कि उस सीक्वेंस में कहानी ही सबसे बड़ी हीरो रहे।”