David Dhawan: डेविड धवन अपनी आख़िरी फ़िल्म-'है जवानी तो इश्क़ होना है' की रिलीज के लिए तैयार हैं। इशके बाद वह रियारमेंट लेने जा रहे हैं। इस फिल्म की रिलीज़ से पहले सिनेमाघरों में उनकी कई क्लासिक फिल्में वापसी करने के लिए तैयार हैं। जैसे-जैसे यह रोमांटिक कॉमेडी रिलीज़ के नजदीक आ रही है, PVR Inox डायरेक्टर की कुछ सबसे ज़्यादा पसंद की जाने वाली और सबसे बड़ी हिट फ़िल्मों को एक स्पेशल शोकेस के लिए सिनेमाघरों में वापस ला रहा है।
PVR Inox, डेविड धवन की फ़िल्मी विरासत का जश्न मनाने के लिए, देश भर में उनकी पांच सबसे मशहूर हिंदी कॉमेडी फ़िल्में दिखाने जा रहा है। इस स्क्रीनिंग लाइनअप में 90 के दशक की उनकी गोविंदा के साथ बनी क्लासिक फ़िल्में - 'आंखें' और 'राजा बाबू' - शामिल हैं। साथ ही, 2000 के दशक की सलमान खान के साथ बनी हिट फ़िल्में - 'मैंने प्यार क्यों किया' और 'पार्टनर' - और उनके बेटे वरुण धवन के साथ बनी उनकी पहली फ़िल्म 'मैं तेरा हीरो' भी इसमें शामिल है।
PVR Inox Ltd की मुख्य रणनीतिकार निहारिका बिजली ने इस पहल के बारे में बात करते हुए इसे एक सम्मान बताया। उन्होंने कहा, "मिस्टर डेविड धवन की शानदार विरासत को समर्पित एक फ़ेस्टिवल आयोजित करना हमारे लिए सम्मान की बात है।
फिल्ममेकर धवन ने कहा कि वे क्लासिक फिल्मों को सिनेमाघरों में वापस आते देखकर बहुत उत्साहित हैं। एक बयान में उन्होंने आगे कहा, "मेरा हमेशा से यही मानना रहा है कि ऐसी फिल्में बनाई जाएं जो लोगों का मनोरंजन करें और उन्हें अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी की मुश्किलों को भूलने में मदद करें। मेरा विचार हमेशा से सीधा-सा रहा है लोगों को हंसाना, उन्हें ज़िंदगी के बारे में अच्छा महसूस कराना, भले ही सिर्फ़ उन तीन घंटों के लिए ही सही और उन्हें सिनेमाघर से मुस्कुराते हुए बाहर भेजना।
PVR Inox को मेरे काम पर आधारित एक फेस्टिवल आयोजित करते हुए और इन फिल्मों को बड़े पर्दे पर वापस लाते हुए देखना मेरे दिल को छू गया है। ये फिल्में बहुत प्यार, जोश और अपनी सहज भावना से बनाई गई थीं। मैं दर्शकों को सिनेमाघरों में वापस आते हुए और उस दीवानगी, संगीत और खुशी को एक बार फिर से जीते हुए देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं।"
इस महीने की शुरुआत में, 74 साल के डेविड धवन ने ANI के साथ बातचीत में डायरेक्शन से रिटायरमेंट लेने का इशारा दिया था। डेविड ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि मुझे अब और काम करना चाहिए। शायद यह मेरी आखिरी फिल्म हो… इसके बाद, मैं बस वरुण का पिता बनकर रहूंगा। मैं तुम्हारा (वरुण) ख्याल रखूंगा, तुम्हारे परिवार का ख्याल रखूंगा।”
बता दें कि ‘है जवानी तो इश्क़ होना है’ में वरुण धवन मुख्य भूमिका में हैं, उनके साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े भी हैं। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।