Credit Cards

Deepika Padukone: "पैसे के लिए कुछ भी कर सकती हैं"; अबू धाबी टूरिज्म AD में 'हिजाब' पहनने पर दीपिका पादुकोण हुईं ट्रोल

Deepika Padukone Trolled: अबू धाबी टूरिज्म के एक विज्ञापन में 'हिजाब' पहनने पर ट्रोल्स ने एक बार फिर बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को निशाने पर ले लिया है। इस साल कई विवादों के केंद्र में रहीं दीपिका पादुकोण हाल ही में अबू धाबी के संस्कृति और पर्यटन विभाग के तहत आने वाले 'एक्सपीरियंस अबू धाबी' के एक विज्ञापन में नजर आईं। इसमें वह अपने पति और एक्टर रणवीर सिंह के साथ दिखाई दे रही हैं

अपडेटेड Oct 08, 2025 पर 8:32 PM
Story continues below Advertisement
Deepika Padukone Trolled: दीपिका पादुकोण पिछले कुछ समय से एक विज्ञापन को लेकर विवादों में हैं

Deepika Padukone Trolled: बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अबू धाबी टूरिज्म के एक विज्ञापन में 'हिजाब' पहनने पर विवादों में घिर गई हैं। दीपिका पादुकोण अबू धाबी पर्यटन के लिए प्रचार अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इसमें वह अबू धाबी के शेख जायद ग्रैंड मस्जिद में हिजाब पहने हुए दिखाई दे रही हैं। अपने पति और अभिनेता रणवीर सिंह के साथ इस विज्ञापन में नजर आ रहीं दीपिका पहले भी कई विवादों में घिर चुकी हैं।

इससे पहले संशोधित नागरिकता कानून (CAA) विरोधी प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में अपनी उपस्थिति और 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' में नारंगी रंग की बिकनी पहनने के लिए भी उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।


पादुकोण अब अपने पति के साथ मिलकर अबू धाबी के संस्कृति और पर्यटन विभाग के तहत आने वाले 'एक्सपीरियंस अबू धाबी (Experience Abu Dhabi)' की ब्रांड एंबेसडर बन गई हैं। 'मेरा सुकून' टाइटल वाले इस प्रचार वीडियो में यह कपल अबू धाबी की सैर करता हुआ दिखाई दे रहा है। रणवीर, दीपिका को शहर की अपनी कुछ पसंदीदा जगहों से परिचित करा रहे हैं, जिनमें कई सांस्कृतिक स्थल शामिल हैं। एक सीन में यह जोड़ा ग्रैंड मस्जिद में है। इस दौरान दीपिका 'अबाया' और 'हिजाब' पहने हुए दिखाई दे रही हैं।

प्रचार वीडियो के सामने आने के बाद कुछ लोगों ने 39 वर्षीय पादुकोण को रूढ़िवादी पोशाक को बढ़ावा देने के लिए 'फर्जी नारीवादी' कहा। जबकि अन्य ने उनके निर्णय का बचाव किया। उनके फैंस ने अरब संस्कृति के प्रति उनके सम्मान की बात कही।

दीपिका पादुकोण की आलोचना करने वालों ने तर्क दिया कि हिजाब पहनने का उनका निर्णय 2015 के "माई चॉइस" वीडियो में उनकी उपस्थिति के बिल्कुल विपरीत है। उसमें उन्होंने महिलाओं को अपनी शर्तों पर जीने, कपड़े पहनने और प्यार करने की स्वतंत्रता की वकालत की थी।

यूजर्स के रिएक्शन

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने पूछा, "दीपिका पादुकोण का वीडियो 'माई चॉइस' याद है? 'बिंदी लगाना या न लगाना, मेरी मर्जी'। 'मैं क्या कपड़े पहनूंगी, यह मैं ही तय करती हूं। अब दीपिका पादुकोण ने हिजाब पहनकर अबू धाबी टूरिज्म का प्रचार करते हुए वीडियो बनाया है। 'माई चॉइस' का क्या हुआ?"

इसी तरह की एक और पोस्ट में कहा गया, "हिंदू परंपराओं पर-'मेरा शरीर, मेरी पसंद'। लेकिन पैसे के लिए 'हिजाब' पहनने में कोई समस्या नहीं। यह दीपिका पादुकोण जैसी फर्जी नारीवादियों की वास्तविकता है। वे नारीवादी नहीं हैं...वे सिर्फ 'हिंदू विरोधी' हैं।"

एक पोस्ट में लिखा था, "दीपिका पादुकोण की राय...बिंदी पर: मेरी पसंद। हिजाब पर: पैसे दो कुछ भी पहन लूंगी। मेरी पसंद पैसे तक सीमित है, आखिरकार वह एक अभिनेत्री हैं, पैसे के लिए कुछ भी कर सकती हैं, नारीवाद और स्वतंत्रता जैसी कोई चीज नहीं है, वह पैसे के लिए अपनी आत्मा बेच सकती हैं।"

एक व्यक्ति ने आश्चर्य जताया कि दीपिका ने किसी भारतीय धार्मिक स्थल का इस तरह प्रचार क्यों नहीं किया। यूजर ने लिखा, "दीपिका पादुकोण ने अबू धाबी मस्जिद का प्रचार करने के लिए हिजाब पहना। लेकिन वह कभी अपने धर्म या किसी तीर्थ स्थल का प्रचार नहीं करेंगी।"

फैंस ने किया एक्ट्रेस का बचाव

हालांकि कई यूजर्स ने दीपिका पादुकोण का समर्थन भी किया। एक फैंन ने X पर उनकी तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, "यह दीपिका पादुकोण हैं, जब वह मंदिर गई थीं। वह हमेशा से भारत की संस्कृति का सम्मान करती रही हैं। पर्यटन विज्ञापन में, उन्होंने वही पहना है जो उस संस्कृति के लिए उपयुक्त है। आपको ऐसे व्यक्ति पर गर्व होना चाहिए जो किसी भी देश में जाकर सम्मान दिखा सकता है।"

ये भी पढ़ें- Cough Syrup Deaths: कफ सिरप से मौतों की संख्या 20 के पार! राज्यों ने जहरीली दवाओं पर लगाया बैन, लेकिन जिम्मेदार कौन?

वहीं, एक पोस्ट में कहा गया, "इस खूबसूरत हिजाब ने दीपिका को ग्लैमरस लुक दिया।" एक यूजर ने लिखा, "अरब संस्कृति के प्रति उनका सम्मान और उनका हिजाब पहनना मेरे लिए उनके प्रति प्रेम को और बढ़ा देता है..।" यह पहली बार है जब दीपिका और रणवीर ने संयुक्त रूप से किसी वैश्विक पर्यटन ब्रांड का प्रतिनिधित्व किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।