Sara Arjun: 1000 लड़कियों के रिजेक्शन के बाद मिली 'धुरंधर 2' की यालीना, सारा अर्जुन का ऑडिशन देख हैरान रह गए थे आदित्य धर

Sara Arjun: निर्देशक आदित्य धर ने खुलासा किया है कि 'धुरंधर 2' में सारा अर्जुन का चयन 1000 से अधिक लड़कियों के ऑडिशन के बाद उनके 'फ्रेश फेस' और बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। शुरुआत में उम्र के अंतर को लेकर हुई आलोचना के बावजूद, रणवीर सिंह और सारा की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा है और फिल्म भारत में ₹716 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।

अपडेटेड Mar 28, 2026 पर 11:08 PM
Story continues below Advertisement

साल 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' के बाद अब इसके सीक्वल 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। फिल्म में रणवीर सिंह के एक्शन के साथ-साथ जिस एक चेहरे ने सबका ध्यान खींचा, वह है सारा अर्जुन। लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्म में 'यालीना जमाली' के इस अहम किरदार को पाने के लिए सारा को एक हजार से ज्यादा लड़कियों को पीछे छोड़ना पड़ा था?

आदित्य धर की शर्त: चाहिए था बिल्कुल 'फ्रेश फेस'

हाल ही में एक इंटरव्यू में मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने फिल्म की कास्टिंग के पीछे की मेहनत और निर्देशक आदित्य धर की डिमांड का खुलासा किया। मुकेश ने बताया कि आदित्य इस रोल के लिए किसी जानी-मानी अभिनेत्री को नहीं लेना चाहते थे। उनकी शर्त थी कि लड़की का चेहरा बिल्कुल नया और मासूम होना चाहिए, ताकि दर्शकों को लगे कि वह वाकई उस खतरनाक दुनिया का हिस्सा है जहाँ उसे दिखाया जा रहा है।

मुकेश छाबड़ा ने बताया, "रणवीर सिंह के अपोजिट काम करने के लिए मुझे कई बड़ी अभिनेत्रियों के मैसेज आए कि हमें कास्ट क्यों नहीं किया गया? लेकिन हम इस बात पर अड़े थे कि हमें एक ऐसा चेहरा चाहिए जिसका कोई फिल्मी बैकग्राउंड न हो।"


1000 ऑडिशन और वो एक जादुई पल

फिल्म में यालीना के रोल के लिए करीब 1000 लड़कियों के ऑडिशन लिए गए। मुकेश ने खुलासा किया कि फिल्म का वह मशहूर सीन, जहाँ यालीना पूछती है— "क्या तुम हिंदुस्तानी एजेंट हो? वही सारा की ऑडिशन स्क्रिप्ट थी। जब सारा ने वह सीन परफॉर्म किया, तो मुकेश को तुरंत समझ आ गया कि उन्हें उनकी यालीना मिल गई है।

"कौन है ये?"—आदित्य धर का रिएक्शन

मुकेश ने जैसे ही सारा का ऑडिशन वीडियो आदित्य धर को व्हाट्सएप किया, आदित्य का पहला रिएक्शन था "कौन है ये?" वह सारा की परफॉर्मेंस और उनके लुक से काफी हैरान थे। सारा ने बचपन में कुछ विज्ञापनों और फिल्मों (जैसे 'पोन्नियिन सेल्वन') में काम किया था, लेकिन इस रोल के लिए उनकी मैच्योरिटी ने आदित्य को प्रभावित कर दिया।

शुरुआत में टीम के मन में एक ही शंका थी कि क्या सारा, रणवीर के सामने बहुत छोटी तो नहीं दिखेंगी? लेकिन कहानी की मांग ही ऐसी थी कि एक लड़के को जाकर उस लड़की को रिझाना था, इसलिए सारा का वो लुक फिल्म के लिए बिल्कुल सटीक बैठा।

विवादों के बाद भी मिली अपार सफलता

शुरुआत में रणवीर सिंह और सारा अर्जुन के बीच 20 साल के उम्र के अंतर को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। लेकिन फिल्म रिलीज होने के बाद दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसने भारत में अब तक ₹716 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।