Dhurandhar: The Revenge बदलेगी भारतीय सिनेमा का भविष्य, रणवीर सिंह ने सीक्वल को लेकर किया बड़ा दावा

Dhurandhar: The Revenge: रणवीर सिंह ने अपनी आगामी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को भारतीय सिनेमा का गेम-चेंजर बताया है। स्पॉटिफाई इवेंट पर उन्होंने कहा कि ये फिल्म इंडस्ट्री के भविष्य की दिशा तय करेगी। निर्देशक आदित्य धार और को-स्टार सारा अर्जुन के साथ ये बयान सुर्खियां बटोर रहा है।

अपडेटेड Mar 18, 2026 पर 9:31 AM
Story continues below Advertisement

बॉलीवुड के सुपरस्टार रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'धुरंधर:द रिवेंज' को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। मंगलवार शाम मुंबई में आयोजित फिल्म के म्यूजिक लॉन्च इवेंट में रणवीर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मंच पर आग लगा दी। इस मौके पर उन्होंने न केवल फिल्म के संगीत का जश्न मनाया, बल्कि पहले भाग को मिले ऐतिहासिक प्यार के लिए प्रशंसकों का आभार भी व्यक्त किया।

दर्शकों के प्रति जताया आभार

पहली बार फिल्म की सफलता पर खुलकर बात करते हुए रणवीर सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि दर्शकों के प्यार ने 'धुरंधर' को एक 'ऐतिहासिक मुकाम' तक पहुंचाया है। रणवीर ने अपनी टीम की ओर से दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पहले पार्ट को मिली प्रतिक्रिया को समझना और उसे संभालना अभी भी उनके लिए एक सुखद अहसास जैसा है।

भारतीय सिनेमा के भविष्य पर बड़ा बयान


रणवीर ने सीक्वल के महत्व पर जोर देते हुए एक बड़ी भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा, "मैं इतना बता सकता हूं कि अब भारतीय सिनेमा का मुस्तकबिल (भविष्य) 'धुरंधर: द रिवेंज' ही तय करेगी।" उनके इस बयान ने सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में हलचल पैदा कर दी है। अभिनेता के अनुसार, फिल्म को लेकर जिस तरह का उत्साह और उत्सुकता देखी जा रही है, वह अभूतपूर्व है।

बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' का जलवा

निर्देशक आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह स्पाई एक्शन थ्रिलर पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी। फिल्म ने न केवल आलोचकों का दिल जीता बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी सुनामी ला दी। इसने दुनिया भर में ₹1300 करोड़ से अधिक की कमाई की और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹1000 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई।

फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस (रणवीर सिंह) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान के कराची में आपराधिक और राजनीतिक अंडरवर्ल्ड में घुसपैठ करता है। इसमें 1999 के आईसी-814 अपहरण और 2008 के मुंबई हमलों जैसी वास्तविक घटनाओं को संजोया गया है।

कल सिनेमाघरों में दस्तक देगी 'धुरंधर: द रिवेंज'

फिल्म का दूसरा भाग यानी 'धुरंधर: द रिवेंज' कल, 19 मार्च को रिलीज होने जा रहा है। सेंसर बोर्ड (CBFC) ने इसे 'A' सर्टिफिकेट दिया है। फिल्म को लेकर दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले ही इसके 10 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। यह फिल्म पांच भाषाओं (हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़) में रिलीज होगी।

फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। पहले यह फिल्म साउथ स्टार यश की 'टॉक्सिक' से टकराने वाली थी, लेकिन अब इसका मुकाबला पवन कल्याण की 'उस्ताद भगत सिंह' से होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।