Ranveer Singh Banned: खबरों के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ (FWICE) ने प्रतिबंधित यानी बैन लगा दिया है। फिल्म संगठन ने सोमवार शाम को रणवीर और फिल्म निर्माता-अभिनेता फरहान अख्तर के बीच फिल्म 'डॉन 3' को लेकर चल रहे विवाद के बीच यह ऐलान किया। रणवीर के अचानक प्रोजेक्ट छोड़ने के बाद फरहान ने कर्मचारी संगठन से संपर्क किया था।
डॉन 3 विवाद को लेकर फरहान अख्तर द्वारा मामला उठाए जाने के बाद एफडब्ल्यूआईसीई ने रणवीर सिंह के खिलाफ बैन का निर्देश जारी किया है। सोमवार को हुई बैठक के बाद, संगठन ने फिल्म इंडस्ट्री को निर्देश दिया कि जब तक रणवीर सिंह फिल्म निकाय के साथ निर्माताओं द्वारा मांगे गए 45 करोड़ रुपये के हर्जाने को लेकर विवाद का समाधान नहीं कर लेते, तब तक उनके साथ काम न करें।
FWICE ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा, “फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ (FWICE) ने इंडियन फिल्म एंड टेलीविज़न डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) द्वारा अभिनेता रणवीर सिंह के फिल्म 'डॉन 3' से अंतिम समय में हटने के संबंध में भेजी गई शिकायत का गंभीर संज्ञान लिया है। यह शिकायत फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने 11 अप्रैल 2026 को IFTDA के समक्ष दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामले को आगे की कार्रवाई और उचित हस्तक्षेप के लिए आधिकारिक तौर पर FWICE को सौंप दिया गया था।”
फेडरेशन का कहना है कि रणवीर सिंह कई बार बुलाने के बावजूद FWICE के समक्ष पेश नहीं हुए। प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने FWICE को सूचित किया है कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन में लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। शिकायतकर्ता का पक्ष सुनने के बाद, एफडब्ल्यूआईसीई ने श्री रणवीर सिंह को कई पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया कि वे व्यक्तिगत रूप से महासंघ के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें ताकि मामले की सावधानीपूर्वक जांच की जा सके और निष्पक्ष, संतुलित और न्यायसंगत समाधान निकाला जा सके। एफडब्ल्यूआईसीई ने रणवीर सिंह को कई पत्र भेजे, जिनमें 22 अप्रैल 2026 को भेजा गया पहला लेटर, 30 अप्रैल 2026 को भेजा गया दूसरा और 13 मई 2026 को भेजा गया तीसरा लेटर शामिल है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रणवीर ने कहा कि शिकायतकर्ताओं के लिए अपनी शिकायतें उठाने के लिए FWICE उपयुक्त मंच नहीं होगा और आगे कहा कि उठाए गए मुद्दे गंभीर हैं और उचित कानूनी मंच के समक्ष निपटारे की आवश्यकता होगी।
बयान में कहा गया है, “FWICE का मानना है कि वरिष्ठ और स्थापित अभिनेताओं द्वारा महत्वपूर्ण चरणों में परियोजनाओं से अचानक बाहर निकलना फिल्म इंडस्ट्री की स्थिरता और वर्क कल्चर के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए FWICE सभी निर्माताओं, निर्माता संघों और इंडस्ट्री निकायों से अपील करता है कि वे भारतीय फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री और इसके सभी हितधारकों के व्यापक हित में ऐसी गलत प्रथाओं को खत्म करने के लिए फेडरेशन के साथ एकजुट हों।”
शाहरुख खान स्टारर फिल्म डॉन (2006) और डॉन 2 (2011) की सफलता के बाद, रणवीर सिंह को 2023 में डॉन 3 के लीड एक्टर कास्ट किया गया था। हालांकि, दिसंबर 2025 में रणवीर सिंह, फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट के रितेश सिधवानी के बीच झगड़ों की खबरें सामने आईं, जब रणवीर ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया।
खबरों में दावा किया गया कि क्रिएटिव प्रॉब्लम्स, जिनमें स्क्रिप्ट में बदलाव की मांग भी शामिल थी, के कारण अभिनेता और निर्माताओं के बीच टकराव हुआ। कई तरह की अटकलें लगाई गईं, हालांकि बाद में इंडस्ट्री जगत के सूत्रों ने इसका खंडन किया। फरहान अख्तर अब 45 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि रणवीर के प्रोजेक्ट छोड़ने के समय प्रोजेक्ट प्री-प्रोडक्शन में था।