Hema Malini: धर्मेंद्र का पद्म अवॉर्ड रिसीव करते हुए इमोशनल हुईं हेमा मालिनी, बेटी अहाना के भी छलके आंसू

Hema Malini: हेमा मालिनी ने पद्म पुरस्कार 2026 में अपने पति और दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की ओर से पद्म विभूषण को रिसीव किया। इस मौके पर उनके साथ बेटी अहाना भी मौजूद रहीं।

अपडेटेड May 25, 2026 पर 5:48 PM
Story continues below Advertisement
हेमा मालिनी का नाम मंच पर अपने दिवंगत पति और बॉलीवुड के हीरो धर्मेंद्र की ओर से पुरस्कार रिसीव करने के लिए ऐलान किया गया तो उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया।

Hema Malini: हेमा मालिनी धर्मेंद्र को सिनेमा में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत दिए जा रहे पद्म विभूषण पुरस्कार को रिसीव करने के लिए दिल्ली पहुंचीं। इस खास मौके पर अभिनेत्री ने बारीक कढ़ाई वाली हल्के गुलाबी रंग की साड़ी पहनी थी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उनके साथ उनकी बेटी अहाना देओल भी थीं। हेमा मालिनी मंच पर अपने पति की ओर से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मान रिसीव करने के लिए गईं तो इमोशनल हो गईं।

जब हेमा मालिनी का नाम मंच पर अपने दिवंगत पति और बॉलीवुड के हीरो धर्मेंद्र की ओर से पुरस्कार रिसीव करने के लिए ऐलान किया गया तो उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। आंखों में आंसू लिए वह मंच पर गईं और सम्मान लिया। हेमा ही नहीं, बल्कि उनके साथ आईं उनकी छोटी बेटी अहाना देओल भी इस खास दिन पर अपने पिता को याद करते हुए फूट-फूटकर रो रही थीं।

हेमा मालिनी ने पहले बताया था कि पूरा परिवार इस सम्मान से बेहद खुश और भावुक है। समारोह से पहले हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के निधन के बाद परिवार के लिए इस सम्मान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक इमोशनल और खास पल है। अहाना मेरे साथ हैं, ईशा आना चाहती थीं लेकिन नहीं आ सकीं। पूरा परिवार खुश है। सनी, बॉबी, सभी को इस बात की जानकारी है और यह हम सबके लिए एक बड़ा पल है।”


पद्म विभूषण भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो भारत रत्न के बाद आता है। यह कला, साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक मामलों और सिनेमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण और विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। पद्म पुरस्कार, पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, हर साल गणतंत्र दिवस से पहले घोषित किए जाते हैं। इस वर्ष, मनोरंजन जगत से सबसे चर्चित प्राप्तकर्ताओं में धर्मेंद्र का नाम भी शामिल था। यह पुरस्कार न केवल हिंदी सिनेमा में उनके योगदान को मान्यता देता है, बल्कि पीढ़ियों पर उनके अमिट सांस्कृतिक प्रभाव को भी दर्शाता है।

बता दें कि धर्मेंद्र का नवंबर 2025 में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अभिनेता ने दशकों तक अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया और आखिरी समय तक फिल्मों में सक्रिय रहे। उनके निधन की खबर के बाद, राजनेताओं, अभिनेताओं और प्रशंसकों की ओर से श्रद्धांजलि का तांता लग गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।