Shilpa Shinde Troll: शिल्पा शिंदे के कबूलनामे के बाद हिना खान से लेकर पूजा बेदी ने लगाई क्लास, विक्टिम प्रोड्यूसर ने किया यूं रिएक्ट

Shilpa Shinde Troll: शिल्पा शिंदे अपने कबूलनामे के बाद से काफी ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं। यूजर्स से लेकर स्टार्स तक उनकी क्लास लगाता और अपनी राय देता नजर आ रहा है।

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 1:46 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हिना खान ने कहा कि शिल्पा शिंदे का ये कबूलनामा बेहद शॉकिंग और शर्मनाक है। पर इससे भी ज्यादा शॉकिंग है प्रोड्यूसर का दोबारा से उसी के लिए उनके साथ काम करना।

Shilpa Shinde Troll: जब शिल्पा शिंदे ने 'भाभीजी घर पर हैं' के निर्माता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, तो ज्यादातर लोगों ने उनके प्रति सहानुभूति जताई थी, साथ ही उनका समर्थन किया। लेकिन हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू के बाद चीजें पूरी तरह से बदल गई हैं। उन्होंने खुले तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने कॉन्ट्रेक्ट से बाहर निकलने के लिए संजय कोहली पर फर्जी उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इससे टेलीविजन इंडस्ट्री के कई लोग नाराज हो गए हैं।

हिना खान

हिना खान ने कहा- शिल्पा शिंदे के झूठे आरोपों ने न केवल संजय कोहली के करियर को प्रभावित किया, बल्कि कई रियल विक्टिम के मुकदमों को भी कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं आमतौर पर किसी के बारे में बात नहीं करती, मैं कभी किसी के निजी मामलों पर कमेंट या प्रतिक्रिया नहीं देती। मैं केवल तभी बोलती हूं जब मामला संवेदनशील हो, कोई ऐसा मुद्दा जो हम सभी को, खासकर महिलाओं को, प्रभावित करता हो। एक सार्वजनिक हस्ती होने के नाते और बोलने का अधिकार होने के कारण, मुझे अपना फर्ज निभाना चाहिए।


एक्ट्रेस ने कहा कि हां, किसी विवाद में जीत हासिल करने के लिए किसी की छवि को धूमिल करने के लिए अपने वुमन कार्ड का इस्तेमाल करना सरासर शर्मनाक है। हर कोई इसका विरोध करने और न्याय की मांग करने में बिल्कुल सही है। मैं स्तब्ध हूं। लेकिन मैं यहां 'असली पीड़ित' के बारे में बात करना चाहती हूं। एक सम्मानित व्यक्ति, जिनकी पत्नी, बेटी और परिवार में कई अन्य महिलाएं हैं... कई प्रतिष्ठित शो के साथ एक मेहनती निर्माता। जिन्होंने इस तरह की यातना झेली। जैसा कि महिला अभिनेत्री ने स्वीकार किया है, उनके आरोप न केवल निराधार थे, बल्कि कानून का सहारा लिए बिना लाभ उठाने, जीतने, लाभ हासिल करने, दावा करने और समझौता करने के लिए इस्तेमाल किए गए थे।

उन्होंने कहा कि इसके बाद भी, वही निर्माता उसी व्यक्ति को वही शो देता है। एक और मंच, एक और मुखपत्र, एक और प्रासंगिकता, यौन उत्पीड़न के अपने झूठे दावे को वैध ठहराने का एक और मौका। क्या होगा अगर अभिनेत्री इसे दोहराती है? आखिरकार, अभिनेत्री को वही शो दिया गया है, जिस पर उसने झूठा आरोप लगाया था। मैं शॉक्ड हूं।

पूजा बेदी

पूजा बेदी ने भी वैरायटी से इस बारे में बात करते हुए कहा, “कोई भी महिला जो पीड़ितों की रक्षा के लिए बने कानूनों का दुरुपयोग करती है, चाहे वह प्रतिशोध, व्यक्तिगत लाभ, प्रभाव, प्रचार या दुर्भावना के लिए हो, वह उन कानूनों के मूल उद्देश्य के साथ विश्वासघात कर रही है जिनके लिए ये कानून बनाए गए थे। झूठे आरोप न केवल निर्दोष जिंदगियों को तबाह करते हैं बल्कि वास्तविक पीड़ितों की बात पर विश्वास करना भी मुश्किल बना देते हैं। कानून का ऐसा दुरुपयोग अस्वीकार्य है और इसके गंभीर परिणाम होने चाहिए।”

संजय कोहली

वहीं विक्टिम निर्माता संजय कोहली ने भी इस बयान पर रिएक्ट किया है। संजय कोहली ने शिल्पा शिंदे के बयान को लेकर मीडिया से कहा है कि देखिए, मुझे इस बारे में मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है। वैसे भी यह एक लीगल मामला है। मेरे लिए यह अब पूरी से खत्म हो चुका है। इसीलिए मैं इस पर कोई बात नहीं करना चाहूंगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।