Bhojpuri Bawaal: भोजपुरी मनोरंजन आज भारत के सबसे तेज़ी से बढ़ते और बेहद लोकप्रिय रीजनल इंडस्ट्री में से एक बन चुका है। अपने संगीत, सिनेमा और बड़े सितारों के दम पर इस इंडस्ट्री ने न केवल देश के दिल बल्कि उससे बाहर भी करोड़ों दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। इसी को नए आयाम देते हुए भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारे अब कैमरों की चमक-दमक से बाहर निकलकर दर्शकों के सामने अपनी ज़िंदगी की अब तक की सबसे बेबाक और अनफ़िल्टर्ड झलक पेश करने के लिए तैयार हैं।
जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने और कलर्स टीवी पर प्रसारित होनेवाली यह सीरीज़ दर्शकों को मंच, पर्दे और शोहरत की दुनिया से आगे ले जाकर भोजपुरी मनोरंजन जगत के सबसे बड़े सितारों पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव के निजी और पेशेवर जीवन की अनदेखी झलक दिखाएगी।
पारंपरिक रियलिटी शोज़ से अलग, यह सीरीज़ पहली बार एक अनोखे ‘फॉलो रियलिटी’ फॉर्मेट को पेश कर रही है, जिसमें न कोई टास्क होगा, न एलिमिनेशन और न ही किसी तरह का बनावटी ड्रामा। इसके बजाय, कैमरे इन सितारों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी के खामोश गवाह बनेंगे और दर्शकों को उन चेहरों के पीछे छिपे असली इंसान से रूबरू कराएंगे।
शो में शोहरत, फैन फॉलोइंग, पारिवारिक दबाव, एक्सेप्टेशन, कॉम्पटीशन, जश्न, कॉन्ट्रोवर्सी और सुपरस्टार बनने के पीछे की लगातार मेहनत जैसे हर पहलू को बेहद करीब से और रियलटी अंदाज़ में दिखाया जाएगा। ‘भोजपुरी बवाल’ इन सभी रंगों को पूरी सच्चाई और भावनाओं के साथ दर्शकों तक पहुंचाने का वादा करता है।
ऐलान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जियोस्टार में हिंदी एवं अंग्रेज़ी मनोरंजन व्यवसाय (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज़) के प्रमुख आलोक जैन ने कहा , “ जियोहॉटस्टार भारत में अनस्क्रिप्टेड प्रोग्रामिंग का सबसे बड़ा मंच है, जहां दर्शकों को नॉन-फिक्शन कहानियों की सबसे व्यापक सीरीज देखने को मिलती है। भोजपुरी बवाल’ के साथ हम इस नवाचार को एक नए आयाम पर ले जा रहे हैं। यह अपनी तरह का पहला ‘फॉलो रियलिटी’ फॉर्मेट है, जो भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों की असली ज़िंदगी को दर्शकों के सामने पेश करेगा।