Preity Zinta: प्रीति ज़िंटा ने एक बार करीना कपूर खान की उस बात पर रिएक्ट किया था, जिसमें करीना अक्सर कहती थीं कि फ़िल्म 'कल हो ना हो' उनके हाथ से निकलकर प्रीति को मिल गई थी। करण जौहर के चैट शो 'कॉफ़ी विद करण' का एक पुराना वीडियो ऑनलाइन फिर से सामने आया है, जिसमें करण, करीना के बयान पर प्रीति से कोई रिएक्शन लेने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
करण ने ही 'कल हो ना हो' फ़िल्म प्रोड्यूस की थी और उन्होंने पहले यह फ़िल्म करीना को ऑफ़र की थी। लेकिन, ख़बरों के मुताबिक, जब फ़िल्म के लिए करीना के नाम पर विचार किया जा रहा था तो उन्होंने शाहरुख खान के बराबर ही फ़ीस की मांग कर दी थी, जिस कारण वह फिल्म का हिस्सा नहीं बन सकी थीं।
शो में करण ने प्रीति से पूछा, "इस फ़िल्म के लिए करीना पहली पसंद थीं, तो तुम्हें असल में कैसा लगा, मतलब, करीना कपूर की जगह इस फ़िल्म में काम करना?" इस पर जवाब देते हुए एक्ट्रेस ने कहा, "मेरा मतलब है, तुम किसी दुकान पर जाती हो, एक जींस ट्राई करती हो, और वह तुम्हें फ़िट भी आ जाती है। लेकिन अगर तुम उसे खरीदती नहीं हो, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह जींस तुम्हारी हो गई। जो अगला इंसान आता है, उसे ट्राई करता है, और खरीद लेता है - तो वह जींस उसी की हो जाती है।
उन्होंने आगे बताया, "मुझे याद है जब आपने मुझे फ़ोन किया था, और मैंने कहा था, 'ठीक है, क्या मैं स्क्रिप्ट सुन सकती हूं?' जब मैंने स्क्रिप्ट सुनी, तो मैंने सोचा, 'करीना यह फ़िल्म क्यों नहीं करना चाहती?' और फिर यह बात हर जगह फैल गई थी - करीना पहली पसंद थीं, प्रीति ज़िंटा दूसरी पसंद थीं। करीना कह रही थीं कि, 'मैंने इसके लिए मना कर दिया था। इसके बाद सब कुछ सुनकर मैंने कहा, 'ठीक है, शुक्रिया, करीना। कोई बात नहीं - वैसे भी, यह फ़िल्म मेरी किस्मत में ही थी।
फिर करण ने सैफ़ अली ख़ान से पूछा, जो प्रीति के बगल में बैठे थे और अब करीना के पति हैं... क्या आपको लगता है कि करीना या वह - कौन बेहतर 'नैना' होती? सैफ़ ने कहा, "मेरा मतलब है, अब जब मैंने फ़िल्म देख ली है, तो मैं प्रीति के अलावा किसी और को उस किरदार में सोच भी नहीं सकता।
बता दें कि इस फ़िल्म की वजह से करण और करीना के बीच एक 'कोल्ड वॉर' भी शुरू हो गया था। ये झगड़ा तब जाकर खत्म हुआ, जब वे फ़िल्म 'कुर्बान' में फिर से साथ आए। इस फ़िल्म में सैफ़ अली ख़ान भी थे।