बॉलीवुड का मशहूर गाना ‘सात समुंदर पार’ 1992 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'विश्वात्मा' एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह है कॉपीराइट विवाद। मूल फिल्म के निर्माता त्रिमूर्ति फिल्म्स ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर धर्मा प्रोडक्शंस, सारेगामा, नमः पिक्चर्स और रैपर बादशाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। आरोप है कि धर्मा की आने वाली फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा’ के टीजर में इस गाने का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया है।
त्रिमूर्ति फिल्म्स का कहना है कि गाने के अधिकार उनके पास हैं और बिना लाइसेंसिंग एग्रीमेंट के इसका उपयोग करना कॉपीराइट उल्लंघन है। याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म के टीजर में गाने की हुक लाइन और बीट्स का इस्तेमाल किया गया है, जिससे मूल निर्माता के अधिकारों का हनन हुआ है।
कंपनी ने कोर्ट से मांग की है कि फिल्म के प्रमोशन में इस गाने का इस्तेमाल तुरंत रोका जाए। साथ ही उन्होंने ₹10 करोड़ का हर्जाना भी मांगा है। याचिका में यह भी कहा गया है कि सभी संबंधित पक्षों को अपने लाइसेंसिंग कॉन्ट्रैक्ट्स और एग्रीमेंट्स का खुलासा करना चाहिए।
धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा’ में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होने वाली है। ऐसे में विवाद ने फिल्म की रिलीज से पहले ही चर्चा और तनाव बढ़ा दिया है। रैपर बादशाह पर भी आरोप है कि उन्होंने गाने को रीमिक्स कर फिल्म के टीजर में शामिल किया। हालांकि, अभी तक धर्मा या सारेगामा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह विवाद सिर्फ कानूनी लड़ाई नहीं है, बल्कि यह सवाल भी उठाता है कि क्लासिक गानों का इस्तेमाल आधुनिक फिल्मों में कैसे होना चाहिए। पुराने गाने दर्शकों के लिए भावनात्मक जुड़ाव रखते हैं, लेकिन जब उनका इस्तेमाल बिना अनुमति होता है तो यह मूल कलाकारों और निर्माताओं के लिए अन्याय जैसा लगता है।
'सात समंदर पार' विश्वात्मा का हिट ट्रैक है, जो आज भी रीमिक्स के लिए पॉपुलर है। त्रिमूर्ति ने कहा, 'यह सॉन्ग हमारी पहचान है, बिना कंसेंट के कमर्शियल गेन अनफेयर है।' विवाद रिलीज से ठीक पहले आया, जो बॉलीवुड के म्यूजिक राइट्स इश्यूज हाइलाइट करता है। धर्मा ने अभी सफाई नहीं दी, लेकिन लीगल बैटल से प्रमोशन प्रभावित हो सकता है।