संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ काफी समय से सुर्खियों में बनी हुई है। इस मेगा प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसे बड़े सितारे नजर आने वाले हैं, जिसकी वजह से दर्शकों की उत्सुकता भी लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि पिछले कुछ समय से फिल्म को लेकर कई तरह की अफवाहें भी सामने आ रही थीं। कहीं इसके शेड्यूल में देरी की बातें कही जा रही थीं तो कहीं डायरेक्टर संजय लीला भंसाली की सेहत को लेकर भी तरह-तरह के दावे किए जा रहे थे। इन चर्चाओं के बीच अब खुद संजय लीला भंसाली ने फिल्म की प्रगति को लेकर अहम जानकारी साझा की है।
उन्होंने साफ किया कि फिल्म की शूटिंग तेजी से आगे बढ़ रही है और काम लगभग पूरा हो चुका है। भंसाली के इस बयान के बाद फिल्म को लेकर चल रही कई अटकलों पर विराम लग गया है। अब फैंस भी इस भव्य प्रोजेक्ट से जुड़ी अगली अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं
फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय लीला भंसाली ने बताया है कि ‘लव एंड वॉर’ की करीब 90 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है। यानी फिल्म अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। मेकर्स अब बाकी बचा हुआ हिस्सा भी जल्द पूरा करने की तैयारी में हैं।
अगले दो महीनों में खत्म होगा काम
भंसाली ने यह भी संकेत दिया है कि फिल्म का बाकी 10 प्रतिशत हिस्सा अगले दो महीनों में शूट कर लिया जाएगा। उम्मीद है कि मई 2026 तक फिल्म की पूरी शूटिंग खत्म हो जाएगी। इसके बाद फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू किया जाएगा, जिसमें एडिटिंग, म्यूजिक और विजुअल ट्रीटमेंट जैसे जरूरी काम शामिल होंगे।
अफवाहों पर मेकर्स की प्रतिक्रिया
फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को लेकर जो भी देरी या बजट से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं, उनमें सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि संजय लीला भंसाली की फिल्मों के साथ अक्सर ऐसी अफवाहें जुड़ जाती हैं। लेकिन ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग कलाकारों के तय शेड्यूल के अनुसार ही की गई है और काम सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है।
रिलीज डेट को लेकर अब भी सस्पेंस
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। शुरुआत में इसे क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में कुछ सीन दोबारा शूट करने और शेड्यूल बढ़ने के कारण फिल्म समय पर रिलीज नहीं हो सकी।
इसके अलावा रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला पार्ट भी इस साल दिवाली पर रिलीज होने की चर्चा है। ऐसे में माना जा रहा है कि भंसाली अपनी फिल्म को पूरी तरह परफेक्ट बनाने के बाद ही रिलीज करना चाहेंगे। फिलहाल फैंस को इसकी नई रिलीज डेट का इंतजार करना होगा।