Salman Khan: अभिनेता सलमान खान और चित्रांगदा सिंह, अपूर्वा लाखिया के साथ अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि मे वॉर रेस्ट इन पीस' के प्रमोशन के लिए शुक्रवार को हैदराबाद पहुंचे। वहां सलमान ने फिल्म के हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर की आलोचना पर बात की। उन्होंने फिल्म में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के इस्तेमाल को लेकर चल रही अटकलों पर भी जवाब दिया और उन 'विशेषज्ञों' को आड़े हाथों लिया, जो एक सैनिक की कहानी पर ध्यान देने के बजाय इन बातों पर चर्चा कर रहे थे।
'मातृभूमि' के ट्रेलर की आलोचना पर बोले सलमान खान
हैदराबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सलमान से 'मातृभूमि' के ट्रेलर को लेकर हो रही ट्रोलिंग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "अगर मेरी फिल्म या मेरे बारे में बुरा बोलकर उन्हें व्यूज, फॉलोअर्स, शोहरत या पैसे मिलते हैं, तो मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं है। भगवान उनका भला करे।"
प्रोमो में कमियां निकालने वाले 'AI विशेषज्ञों' को लगाई फटकार
'मातृभूमि' का गाना 'मदिरापान' रिलीज होने के बाद कुछ लोगों ने दावा किया कि सलमान ने इसके लिए शूटिंग नहीं की है, या फिर इसमें AI का इस्तेमाल किया गया है। ट्रेलर को लेकर भी इसी तरह की बातें कही गईं। इन सब पर प्रतिक्रिया देते हुए सलमान ने कहा- "हमारी फिल्म देश के सैनिकों और उनके परिवारों के बारे में है। आप लोग इसके बजाय VFX और AI की बातें कर रहे हैं? आखिर ये लोग कौन हैं? कहां से आते हैं?"
अभिनेता ने आगे कहा- "क्या ये लोग AI विशेषज्ञ हैं? क्या ये VFX विशेषज्ञ हैं? उन्हें लगता है कि यह सीन सलमान खान ने शूट नहीं किया है। पक्का कोई और होगा। तो आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि भले ही मैं ये सब न देखूं, लेकिन मेरी टीम जरूर देखती है।" सलमान ने यह भी बताया कि असल जगहों पर शूट किए गए सीन्स की भी इस आधार पर आलोचना की गई कि उनमें VFX का इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए आलोचकों को धन्यवाद दिया और कहा कि वे सैनिकों या फिल्म की कहानी पर ध्यान देने के बजाय इन बातों पर ध्यान न दें।
'मातृभूमि' का शुरुआती नाम 'बैटल ऑफ गलवान' था और माना जा रहा है कि इसमें भारत और चीन के बीच हुई झड़पों को दिखाया जाएगा। यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।