अगर आप नितेश तिवारी की रामायण देखने का मन बना रहे हैं तो मंगलवार को गुरुनानक जयंती पर एक बड़ी खुशखबरी आई है। फिल्म मेकर्स ने पूरे भारत में टिकट के दाम कम कर दिए हैं। अब टिकट की कीमत 99 रुपये से शुरू हो रही है। सोमवार को, फिल्म के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर टिकट के दाम में कटौती की घोषणा करते हुए एक पोस्टर पोस्ट किया गया। पोस्ट का कैप्शन है, “इस मंगलवार को बड़े पर्दे पर रामायण का अनुभव करें, टिकट सिर्फ 99 रुपये से शुरू। सभी को गुरुपर्व की शुभकामनाएं।”
इस घोषणा के बाद, भारत भर के ज्यादातर थिएटरों ने अपने रामायण शो के टिकट के दाम घटाकर 99 रुपये कर दिए। मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि BookMyShow के मुताबिक, डिस्काउंटेड टिकट प्राइस सिर्फ मंगलवार के बजाय पूरे हफ्ते लागू रहेंगे। यह अभी पक्का नहीं है कि टिकट की कीमतें फिर से बढ़ेंगी या नहीं।
कुछ जगहों पर 80 प्रतिशत तक सस्ती हो गई टिकट
मुंबई और दिल्ली जैसे मेट्रो शहरों के थिएटर, जो पहले रामायण के 2D शो के टिकट के लिए 300-400 रुपये तक चार्ज कर रहे थे, अब टिकट को 99 रुपये में ऑफर कर रहे हैं। ज्यादातर जगहों पर दाम 50-60 प्रतिशत से ज्यादा कम हो गए हैं। वहीं कुछ हॉल में यह कटौती 80 प्रतिशत तक की है।
प्रीमियम ऑप्शन जैसे कि रिक्लाइनर सीट थोड़े महंगे बने हुए हैं। कुछ जगहों पर 3D और IMAX शो के टिकट के दाम अभी ज्यादा बने हुए हैं। वहीं कुछ जगहों पर इनकी कीमत भी कम हो चुकी है। मुंबई और दिल्ली में 3D शो के टिकट की कीमत अब 119 से 249 रुपये तक है। पहले यह 500 रुपये से ज्यादा थी। वहीं कुछ स्क्रीन्स ऐसी हैं, जहां अभी भी रामायण की टिकट 700-800 रुपये के प्रीमियम रेट पर मिल रही है।
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई में गिरावट
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर ‘रामायण’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 1,651 करोड़ रुपये हो गई है।थिएटर में अपने पहले हफ्ते में रामायण ने लगातार बंपर कमाई की। लेकिन अब देश के अंदर इसका कलेक्शन घटता दिख रहा है। फिल्म ने सोमवार, 23 नवंबर को भारत में 12 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया।