India-Pakistan Tensions: पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत की डिजिटल स्ट्राइक लगातार जारी है। इस क्रम में अब भारत में फवाद खान, आतिफ असलम और 'सनम तेरी कसम' में अभिनय करने वाली मावरा होकेन और जानी-मानी गायिका आबिदा परवीन समेत कई पाकिस्तानी सितारों के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रोक लगा दी गई है। भारत में जब इन लोगों के फैंस ने उनके इंस्टाग्राम पेज पर पहुंचने की कोशिश की तो एक मैसेज में लिखा हुआ दिखा, "भारत में अकाउंट उपलब्ध नहीं है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि हमने इस कंटेंट को प्रतिबंधित करने के कानूनी अनुरोध का अनुपालन किया है।"
फवाद खान लगभग 9 साल बाद फिल्म 'अबीर गुलाल' के साथ बॉलीवुड में वापसी करने वाले थे। लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद अब इसकी रिलीज अधर में लटक गई है। 'जल बैंड' के पूर्व सदस्य और 'मेरे हमसफर' के अभिनेता फरहान सईद, मशहूर गीत 'पसूरी' के गायक अली सेठी के अलावा अभिनेत्री सबा कमर (हिंदी मीडियम) और अदनान सिद्दीकी (मॉम) के इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में अब उपलब्ध नहीं हैं।
पिछले सप्ताह की शुरुआत में लोकप्रिय पाकिस्तानी कलाकार माहिरा खान, हनिया आमिर, सनम सईद, अली जफर, बिलाल अब्बास, इकरा अजीज, आयजा खान, इमरान अब्बास और सजल अली के इंस्टाग्राम अकाउंट भी ब्लॉक कर दिए गए थे।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 नागरिक मारे गए जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तानी अभिनेता बिलाल अब्बास, इकरा अजीज, आयजा खान, इमरान अब्बास और सजल अली के इंस्टाग्राम अकाउंट भी ब्लॉक कर दिए गए हैं।
पाकिस्तानी क्रिकेटरों के भी इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीमा पार के प्रभावशाली लोगों पर अपनी डिजिटल कार्रवाई तेज करते हुए बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और वसीम अकरम सहित मौजूदा और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों के इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक कर दिए हैं।
प्रतिबंधित अकाउंट की लिस्ट में टेस्ट कप्तान शान मसूद, तेज गेंदबाज हसन अली और नसीम शाह, बल्लेबाज इमाम-उल-हक, ऑलराउंडर शादाब खान और पूर्व स्टार शोएब अख्तर और शाहिद अफरीदी भी शामिल हैं। इनके अलावा पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट कप्तान इमरान खान का अकाउंट भी अब भारत में खोला नहीं जा सकता है।
इंस्टाग्राम की ओर से जारी नोट में कहा गया है, "हमें इस सामग्री को प्रतिबंधित करने के लिए एक कानूनी अनुरोध प्राप्त हुआ है। हमने अपनी नीतियों से इसकी समीक्षा की तथा कानून और मानवाधिकार के अनुसार मूल्यांकन किया। समीक्षा के बाद हमने उस स्थान पर सामग्री तक पहुंच प्रतिबंधित कर दी जहां यह स्थानीय कानून के खिलाफ है।"
वकार यूनिस और मिस्बाह-उल-हक जैसे पूर्व कप्तानों के अकाउंट को हालांकि अभी तक ब्लॉक नहीं किया गया है। पाकिस्तान के ओलंपिक स्वर्ण विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम का इंस्टाग्राम अकाउंट को भी ब्लॉक कर दिया गया है।
इस सप्ताह की शुरुआत में कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को भारत में भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील सामग्री, झूठे और भ्रामक कथन तथा भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ गलत सूचना प्रसारित करने के लिए प्रतिबंधित किया गया था। इस प्रतिबंध का असर शोएब अख्तर, बासित अली और शाहिद अफरीदी जैसे खिलाड़ियों पर पड़ा।