Stree 3 Confirmed: 'स्त्री' यूनिवर्स के फैन्स के लिए गुड न्यूज सामने आई है। प्रोड्यूसर दिनेश विजान ने कन्फर्म किया है कि राजकुमार राव स्टारर 'स्त्री 3' साल 2028 में रिलीज होगी। दिनेश विजान और राजकुमार राव FICCI फ्रेम्स में शामिल हुए, जहां उन्होंने 'स्त्री' फ्रैंचाइजी की सफलता के बारे में बात की। हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स, जिसकी शुरुआत 2018 में 'स्त्री' से हुई थी, अब हिंदी सिनेमा के सबसे पॉपुलर फिल्म यूनिवर्स में से एक बन गया है।
हालांकि आने वाली फिल्म के बारे में ज्यादा जानकारी अभी नहीं दी गई है, लेकिन विजान ने बताया कि डायरेक्टर अमर कौशिक ने हाल ही में 'स्त्री 3' की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है। उन्होंने यह भी हिंट दिया कि फिल्म में वे सभी चीजें होंगी, जो दर्शकों को इस फ्रैंचाइजी में पसंद आई हैं, साथ ही कहानी को एक नए और अनएक्सपेक्टेड मोड़ पर ले जाया जाएगा।
मैडॉक फिल्म्स के दिनेश विजान ने कहा- "'स्त्री 3' 2028 में आएगी। अगर मैंने और कुछ कहा तो वे (अमर कौशिक) मुझसे नाराज हो जाएंगे क्योंकि उन्होंने अभी-अभी इसे लिखना पूरा किया है। उन्हें लगता है कि मैं बहुत ज्यादा स्पॉइलर दे देता हूं, लेकिन आपको वह सब कुछ मिलेगा जो आपको पसंद आया है। हालांकि कहानी कहां से शुरू होगी और कहां खत्म होगी, यह एक बड़ा सरप्राइज होगा। इसलिए मुझे लगता है कि यह 2028 में इंडिपेंडेंस डे या क्रिसमस डे का एक अच्छा तोहफा हो सकता है।"
फ्रैंचाइजी के बनने के बारे में बात करते हुए राजकुमार राव ने 'स्त्री' के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि टीम ने कम बजट वाली इंडिपेंडेंट फ़िल्म से शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें कहानी और अमर कौशिक के विजन पर पूरा भरोसा था। यह बहुत शानदार अनुभव था। हमने एक इंडिपेंडेंट और कम बजट वाली फिल्म के तौर पर शुरुआत की थी, लेकिन हमें कहानी पर और सेट पर अमर के काम करने के तरीके पर पूरा भरोसा था।
एक्टर ने कहा कि वह हमारी ही तरह हैं, इसलिए हम सब सेट पर दोस्तों की तरह रहते थे- मजाक-मस्ती करते थे और मिलकर यह बेहतरीन फिल्म बनाने की कोशिश कर रहे थे। मुझे लगता है कि वह एनर्जी स्क्रीन पर साफ दिखती है और 'स्त्री 2' के साथ भी ठीक ऐसा ही हुआ।"
2018 में रिलीज हुई पहली 'स्त्री' फिल्म में राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। साथ ही पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी भी अहम किरदारों में नजर आए थे। यह फ्रैंचाइजी 2024 में 'स्त्री 2' के साथ लौटी और इसमें पुरानी कास्ट को ही वापस लाया गया। इस सीक्वल को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और यह बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट साबित हुई।