Rajkummar Rao and Patralekhaa: राजकुमार राव और उनकी पत्नी, अभिनेत्री पत्रलेखा, पिछले साल 15 नवंबर को अपनी नन्ही परी के वेलकम के बाद से ही बेहद खुश हैं। आज उन्होंने अपनी बेटी का नाम भी बता दिया है! एक प्यारे से इंस्टाग्राम पोस्ट में, जिसमें उन्होंने पत्रलेखा और बच्ची के हाथों को थामे हुए अपनी तस्वीर साझा की, उन्होंने लिखा, हम अपने सबसे बड़े आशीर्वाद, पार्वती पॉल राव का परिचय कराते हैं”, इसके बाद उन्होंने हिंदी में भी नाम लिखा।
सोनाक्षी सिन्हा से लेकर आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर ने इमोजी शेयर किए, जबकि अहाना कुमरा ने लिखा "पत्रलेखा और राजकुमार को बधाई और छोटी पार्वती का स्वागत है"।
राजकुमार राव और पत्रलेखा ने नवंबर 2025 में अपनी बेटी का स्वागत किया। कपल ने सोशल मीडिया पर खुशखबरी शेयर कर बताया था कि उनकी नन्ही राजकुमारी का जन्म उनकी चौथी शादी की सालगिरह के मौके पर हुआ। कपल ने लिखा, “हम बेहद खुश हैं। भगवान ने हमें एक प्यारी सी बेटी का आशीर्वाद दिया है।” उन्होंने आगे कहा, “हमारी चौथी शादी की सालगिरह पर भगवान का दिया सबसे बड़ा आशीर्वाद।”
राजकुमार और पत्रलेखा की लव स्टोरी बॉलीवुड की सबसे अलग कहानी है। दोनों की पहली मुलाकात एक दशक से भी अधिक समय पहले हुई थी और समय के साथ उनका रिश्ता और भी मजबूत होता गया। राजकुमार अक्सर कहते हैं कि जब उन्होंने पत्रलेखा को एक एड में देखा था, तभी उन्हें पता चल गया था कि वही उनकी जीवनसाथी हैं।
2014 में फिल्म 'सिटी लाइट्स' में साथ काम करने के बाद उनका रिश्ता और भी गहरा हो गया। अक्टूबर 2021 में राजकुमार ने पत्रलेखा को शादी के लिए प्रपोज किया था और एक महीने बाद 15 नवंबर को चंडीगढ़ में दोनों ने शादी कर ली थी।
वर्कफ्रंट पर बात करें तो राजकुमार राव नेटफ्लिक्स पर अपनी खुद की बैनर कंपनी KAMPA Films द्वारा निर्मित एक अनोखी कॉमेडी फिल्म 'टोस्टर' में मुख्य भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं, जिसमें सान्या मल्होत्रा उनकी सह-कलाकार होंगी। इसके अलावा, वे अविनाश अरुण द्वारा निर्देशित एक कोर्टरूम ड्रामा बायोपिक में लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम का रोल निभाने के लिए भी तैयार हैं, जिसकी शूटिंग 2025 के अंत से 2026 तक जारी रहेगी।