अनीत पड्डा, जिन्होंने हाल ही में यशराज फिल्म्स की सुपरहिट फिल्म 'सैयारा' में वाणी बत्रा की भूमिका निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया, अब फिल्म की सफलता पर पहली बार खुलकर बोली हैं। 22 वर्षीय अभिनेत्री अनीत को इस फिल्म से खास पहचान मिली है, हालांकि इससे पहले वे सलाम वेंकी और बिग गर्ल्स डोंट क्राई जैसे प्रोजेक्ट में भी काम कर चुकी हैं।
सैयारा की रिलीज के बाद अनीत लाइमलाइट से दूर रहीं, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्होंने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया जिसमें उनके स्कूल 'स्प्रिंगडेल्स' के टीचर्स उन्हें बधाई देते नजर आए। इस वीडियो को देखकर अनीत बेहद भावुक हो गईं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि वो इस क्लिप को देखते समय सिर्फ मुस्कुरा रही थीं, लेकिन उनकी आंखों में आंसू थे।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि यही वो स्कूल है जहां उन्होंने सपने देखना सीखा और जहां उन्हें उस समय भी सराहा गया जब उन्हें खुद पर भरोसा नहीं था। यह वीडियो उनके लिए सिर्फ एक सरप्राइज नहीं बल्कि एक भावनात्मक सफर था, जिसमें उन्हें अपने पुराने दिन, संघर्ष और शुरुआती सपने याद आ गए।
अनीत ने आगे कहा कि आज जब वो किसी भी शूटिंग सेट पर कदम रखती हैं, तो उनका एक हिस्सा अभी भी उसी स्कूल की यूनिफॉर्म में क्लासरूम में बैठी उस छोटी बच्ची जैसा महसूस करता है, जो बड़ी अभिनेत्री बनने के सपने देखती थी।
उन्होंने अपने शिक्षकों, मार्गदर्शकों और साथ पढ़ने वाले छात्रों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वे जो कुछ भी आज हैं, उसमें इन सभी का बड़ा योगदान है। अनीत ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी यह फिल्म और उनका सफर, उन सभी को गर्व महसूस कराएगा जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अंत में उन्होंने लिखा कि वह अपने स्कूल लौटकर सभी का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देने का इंतजार कर रही हैं। उनके लिए यह सिर्फ शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि एक ऐसी जगह रही है जिसने उन्हें उनका असली आत्मविश्वास दिया।