सनम तेरी कसम (Sanam Teri Kasam) फिल्म के एक्टर हर्षवर्धन राणे इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि एक खास तोहफा और उनकी एक नई मांग है। हर्षवर्धन ने इस तोहफे के लिए दीपक मुकुट का शुक्रिया अदा किया है। साथ ही उन्होंने अपनी अगली इच्छा भी जाहिर कर दी है।
हर्षवर्धन ने इंस्टाग्राम पर दीपक मुकुट के साथ एक तस्वीर शेयर की है। इसमें दोनों नई कार के पास खड़े नजर आ रहे हैं। एक्टर ने बताया कि वह अगले महीने अपने जन्मदिन पर फैंस के साथ फिर से प्रोड्यूसर के ऑफिस जाएंगे और उनसे 'सनम तेरी कसम 2' बनाने की मंजूरी मांगेंगे।
हर्षवर्धन ने क्या मांग रखी?
दीपक मुकुट को हर्षवर्धन ने अपनी बात का पक्का इंसान बताया। उन्होंने याद किया कि पिछले साल वह अपने फैंस के साथ प्रोड्यूसर के ऑफिस गए थे और फिल्म 'सनम तेरी कसम' को दोबारा रिलीज करने की मांग की थी। अब वह चाहते हैं कि इसका दूसरा पार्ट भी बने। इसके लिए उन्होंने दीपक मुकुट से मंजूरी मांगी है और कहा है कि फिल्म की कहानी और डायरेक्टर का चुनाव वह अपनी पसंद से कर सकते हैं।
हर्षवर्धन को लैंड रोवर की डिफेंडर ऑक्टा (Land Rover Defender Octa) कार गिफ्ट में मिली है। 'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये है। दीपक मुकुट ने भी हर्षवर्धन के साथ तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि पिछले साल फिल्म को दोबारा रिलीज करने में एक्टर ने उनका पूरा साथ दिया था। अब वह अपना वादा पूरा कर रहे हैं और यह कार उनके लिए एक छोटा सा तोहफा है।
'सनम तेरी कसम' साल 2016 में रिलीज हुई थी। फिल्म में हर्षवर्धन राणे और मावरा होकेन मुख्य भूमिका में थे। इसे राधिका राव और विनय सप्रू ने डायरेक्ट किया था। शुरुआत में फिल्म को ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन बाद में इसकी कहानी और गाने लोगों को पसंद आने लगे और इसकी अच्छी फैन फॉलोइंग बन गई।
फरवरी 2025 में फिल्म फिर से सिनेमाघरों में रिलीज हुई और दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया। अब हर्षवर्धन चाहते हैं कि इसका दूसरा पार्ट भी बने। हालांकि, अभी तक 'सनम तेरी कसम 2' को बनाने की मंजूरी नहीं मिली है।