Yo Yo Honey Singh: 'ये तुम्हें ले डूबेगा...', नशे की लत को लेकर शाहरुख खान-अक्षय कुमार ने हनी सिंह को दी थी वॉर्निंग

Yo Yo Honey Singh: हनी सिंह ने फैली उन अफवाहों को गलत बताया, जिनमें कहा गया था कि फेम या इंडस्ट्री उनके पतन का कारण थी। रैपर ने कहा कि इसके लिए उनके अपने फैसले और मानसिकता ही जिम्मेदार थी।

अपडेटेड May 28, 2026 पर 12:02 PM
Story continues below Advertisement
रैपर बोले, “मैं खुश नहीं था। मैं 2013 और 2014 में अपने करियर के पीक पर था। मैं होश में नहीं था। उस समय मेरा सोचने का तरीका अलग था। जब मैं कामयाब हुआ, तो मैं अलग तरह से चलता गया, अलग तरह से बोलता गया और सबकी बेज्जती करता था।

Yo Yo Honey Singh: यो यो हनी सिंह के पीक करियर पर नशे की लत से जूझने और बाइपोलर डिसऑर्डर से लड़ने करने की कहानी से दुनिया अनजान नहीं है, जिसके कारण उन्हें कुछ समय के लिए इंडस्ट्री से दूर रहना पड़ा था। अब, सिंगर-रैपर ने खुलासा किया है कि बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और अक्षय कुमार ने उन्हें नशे की लत के बारे में चेतावनी दी थी और कहा था कि यह उन्हें बर्बाद कर देगा।

एबी टॉक्स पॉडकास्ट में हनी सिंह ने शाहरुख खान और अक्षय कुमार से मिली ड्रग्स के बारे में दी गई चेतावनियों को याद किया। उन्होंने शोहरत, अकेलेपन और अपने पतन के बारे में भी बात की। रैपर ने माना कि 2011 से 2014 के बीच जब वह शोहरत के पीक पर थे, तब उन्होंने सफलता, धन और नशे की लत में खुद को पूरी तरह खो दिया था।

रैपर बोले, “मैं खुश नहीं था। मैं 2013 और 2014 में अपने करियर के पीक पर था। मैं होश में नहीं था। उस समय मेरा सोचने का तरीका अलग था। जब मैं कामयाब हुआ, तो मैं अलग तरह से चलता गया, अलग तरह से बोलता गया और सबकी बेज्जती करता था। मैं सोचता था कि मैंने सब कुछ कर दिखाया है। मैं खुद को भगवान तक कहता था। मैं बहुत कम उम्र से पैसा कमा रहा था और सफल हो रहा था, और इसके साथ ही मैं ड्रग्स भी ले रहा था। मैं एक बहुत ही विकृत मानसिक स्थिति में था। मुझे अपना वह रूप पसंद नहीं था।”


हनी सिंह ने इस बातों को खारिज कर दिया कि शोहरत या मनोरंजन जगत उनके पतन का कारण बना, उन्होंने कहा कि इसके लिए उनके अपने फैसले और सोच ही जिम्मेदार थे। बातचीत के दौरान सिंगर ने अपने करियर के शुरुआती दौर में शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे कुछ बड़े नामों के साथ काम करने की यादें ताजा कीं। उनके अनुसार, कई सितारों ने उन्हें उनकी लाइफस्टाइल और बढ़ती लतों के बारे में बार-बार आगाह किया था।

गायक ने कहा, “मैं मनोरंजन इंडस्ट्री को किसी भी बात के लिए दोषी नहीं ठहराना चाहता। मुझे बहुत कम उम्र में ही दिग्गजों के साथ स्क्रीन शेयर करने और उनकी लाइफ को करीब से जानने का मौका मिला। शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, सलमान खान, अक्षय कुमार जैसे लोग बहुत ही अच्छे हैं, उनमें कोई बुराई नहीं है… वे मुझे देखते थे और मुझे जो मैं कर रहा था उससे दूर रहने के लिए कहते थे क्योंकि वह गलत था। खासकर शाहरुख खान और अक्षय कुमार। शाहरुख खान ने मुझे कई बार कहा, ‘यह तुम्हें बिगाड़ देगा, खत्म कर देगा और बर्बाद कर देगा।’”

रैपर यो यो हनी सिंह 2012 में अपने करियर के शिखर पर थे, जब उनके करियर में गिरावट शुरू हुई। उनके गाने 'देसी कलाकार' की सफलता के बाद, उन्हें बाइपोलर डिसऑर्डर का पता चला और वे नशे की लत के शिकार हो गए। 2017 में, हनी सिंह अपने टूर के दौरान टूट गए। उन्होंने म्यूजिक और नशा छोड़ दिया, दिल्ली लौट आए और डॉक्टरों और थेरेपिस्टों की एक ग्लोबल टीम के साथ इलाज शुरू कराया। उन्होंने पहले लल्लनटॉप को बताया था, "मैं नशे और शराब में डूबा हुआ था, 12-15 जॉइंट पीता था और बोतलें खाली कर देता था। मैंने अपने परिवार को छोड़ दिया, अपना आपा खो दिया था। एक बार, मैं इतना नशे में था कि मैंने अपने एक दोस्त के पेट पर आठ बार काट लिया था।"

काम से दूर रहने के बाद, हनी ने 2023 में सोनाक्षी सिन्हा के साथ 'देसी कलाकार' के सीक्वल 'कलास्टार' गाने से वापसी की थी। हाल के दिनों में, वे अपने म्यूजिक टूर में व्यस्त हैं और कुछ समय पहले ही उन्होंने अपना एल्बम '51 ग्लोरियस डेज़' भी रिलीज़ किया है। उन्होंने हाल ही में झूम शराबी गाना गाया, जो अजय देवगन अभिनीत दे दे प्यार दे 2 में दिखाया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।