Shah Rukh Khan: शुक्रवार शाम को मुंबई में हुए एक मेटा इवेंट में अभिनेता शाहरुख खान और फिल्म निर्माता करण जौहर शामिल हुए। वहां शाहरुख खान ने सिद्धार्थ आनंद के साथ अपनी आने वाली फिल्म 'किंग' के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि क्यों उन्होंने फिल्म में अपने बालों को सफेद रखा और अपनी उम्र के हिसाब से किरदार निभाने का फैसला किया। उन्होंने अपने और अपनी लीड अभिनेत्रियों के बीच उम्र के अंतर की ओर इशारा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि वह बस एक 'कूल' 61 वर्षीय हीरो बनना चाहते थे।
उम्र को लेकर क्या बोले शाहरुख खान
शाहरुख ने बताया कि वह फिल्म 'किंग' में क्यों काम करना चाहते थे। उन्होंने कहा- "मैं हमेशा से एक हीरो बनना चाहता था। जब मैं पहली बार फिल्म इंडस्ट्री में आया था तो मुझे लगता था कि मैं बहुत अच्छा दिखने वाला (हैंडसम) नहीं हूं। इसलिए जब मुझे हीरो बनने का मौका मिला तो मेरे जैसे साधारण दिखने वाले इंसान के लिए यह बहुत मायने रखता है।"
उन्होंने आगे बताया- "दूसरी बात मैं एक फिल्म की शूटिंग कर रहा था - जिसका नाम मैं नहीं लूंगा, लेकिन करण को पता है। मैं न तो निर्देशक का नाम लूंगा और न ही हीरोइन का। मैं उसके सामने खड़ा था और उसे अपना एक शानदार रोमांटिक डायलॉग सुना रहा था।" उन्होंने आगे कहा- "मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं, मैं तुम्हारी आंखों में खो जाना चाहता हूं। जब मैं तुम्हें देखता हूं तो मुझे लगता है कि मैंने पूरी दुनिया देख ली है। एक बात और मुझे उम्मीद है कि तुमने कल के लिए अपना मैथ का होमवर्क पूरा कर लिया होगा बेटी।
मेरे और जिन अभिनेत्रियों के साथ मैं काम कर रहा था उनके बीच उम्र के अंतर को देखते हुए मुझे लगा कि मुझे अपनी उम्र के हिसाब से किरदार निभाना चाहिए - जो कि अभी 61 साल है। मुझे उतना ही 'कूल' दिखना चाहिए, जितना कि 61 साल का कोई व्यक्ति हो सकता है।"
शाहरुख ने कहा कि फिल्म 'किंग' में अपने सफेद बालों वाले लुक के जरिए, वह चाहते हैं कि लड़कियां अब उन्हें एक अलग नजरिए से देखें। अभिनेता ने कहा- "इसलिए अगर आज मैं बैठकर या खड़े होकर कोई भी डायलॉग बोलूं, तो वह बिल्कुल सही और प्रासंगिक लगता है। दुनिया की सभी लड़कियां - क्योंकि मेरी बेटी सुहाना भी इस फिल्म का हिस्सा है - वे सभी यही सोचेंगी कि उनके पिता को ऐसा ही होना चाहिए। मैं बस 60 की उम्र में एक हीरो बनना चाहता था और अपनी उम्र के हिसाब से किरदार निभाना चाहता था।"
सिद्धार्थ आनंद की 'किंग' के बारे में
'किंग' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है, जिन्होंने सुजॉय घोष, सुरेश नायर और सागर पांड्या के साथ मिलकर इसकी पटकथा लिखी है। यह फिल्म शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान के लिए थियेटर में डेब्यू होगी। इसमें अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी नजर आएंगे। करीना कपूर 'डैडी कूल' गाने में दिखाई देंगी, जिसे शुक्रवार को रिलीज किया गया था। यह फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।