Rajni Ki Baraat Trailer: कॉमेडी, मेलोड्रामा से भरपूर है ‘रजनी की बारात’, ट्रेलर में दिखा का मजेदार ट्विस्ट

Rajni Ki Baraat Trailer: 'केरला स्टोरी 2' के बाद एक बार फिर उल्का गुप्ता फैंस का दिल जीतने के लिए तैयार है। एक्ट्रेस की आने वाली फिल्म ‘रजनी की बारात’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है।

अपडेटेड May 18, 2026 पर 3:27 PM
Story continues below Advertisement
एपीफ़ेनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता तनाया आडारकर और तेज एच आडारकर हैं, जबकि निर्देशन आदित्य अमन ने किया है।

Rajni Ki Baraat Trailer: ‘रजनी की बारात’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में दबंग अंदाज़ में उल्का गुप्ता, रौबदार किरदार में अश्वथ भट्ट, मेलोड्रामेटिक अंदाज़ में सुनीता राजवर और अभिनेत्री ज़रीना वहाब के बीच के फनी मोमेंट्स और पारिवारिक ड्रामा इसे बेहद मजेदार बना देते हैं। ट्रेलर में हिंदी भाषी राज्यों का देसीपन, बोली और पारिवारिक माहौल खूब नजर आता है।

ट्रेलर की शुरुआत एक पंडित के डायलॉग से होती है, जहां वह कहते हैं -“जन्म पत्री में बारात घर पर आने के योग नहीं है।” इस पर ज़रीना वहाब नाराज़ होते हुए कहती हैं, “ज़रा ठीक से देखिए तो।” वहीं रजनी की मां बनीं सुनीता राजवार भावुक होकर कहती हैं — “धूमधाम से शादी करेंगे, बड़का होटल में शादी करेंगे तो घर क्यों बारात आएगी… क्यों सही कह रहे हैं न…” इतना कहते हुए उनका गला भर आता है और फिर वह कहती हैं, “हमारी रजनी लाखों में एक है, उसके लिए बेस्ट लड़का देखेंगे।”

इसके बाद ट्रेलर रोमांटिक मोड़ लेता है, जहां रजनी और रज्जन अपने प्यार का इज़हार करते नजर आते हैं। लेकिन यहीं से कहानी में बड़ा ट्विस्ट आता है। रौबदार अश्वथ भट्ट का सामना करना, इमोशनल मां और पूरे परिवार को अपने मिशन में शामिल करना और अपने आशिक़ के भरोसे को जीतना-रजनी की इस बारात में कई ट्विस्ट और टर्न्स दिखाई देते हैं। आखिर क्यों रजनी खुद अपनी बारात लेकर निकलना चाहती है और क्यों उसकी इस अनोखी बारात के रास्ते में इतनी चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं- ट्रेलर इन्हीं सवालों के साथ आगे बढ़ता है।


ट्रेलर के अंतिम हिस्से में अचानक बंदूक से फायरिंग होती है और इसके साथ ही कई सवाल छोड़ते हुए यह मजेदार ट्रेलर खत्म हो जाता है। 2 मिनट 27 सेकंड का यह ट्रेलर देसी अंदाज़, कॉमिक गड़बड़झाले, इमोशनल ड्रामा से भरपूर नजर आता है।

एपीफ़ेनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता तनाया आडारकर और तेज एच आडारकर हैं, जबकि निर्देशन आदित्य अमन ने किया है। फिल्म के एसोसिएट प्रोड्यूसर मोहसिन खान हैं। फिल्म में उल्का गुप्ता, कनिष्क, इशिता सिंह, सुनीता राजवार, ज़रीना वहाब और अश्वथ भट्ट प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फ़िल्म की शूटिंग बिहार के दरभंगा और मिथिलांचल के खूबसूरत लोकेशंस पर की गई है।

ट्रेलर लॉन्च के मौके पर अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने कहा, “रजनी एक ऐसी लड़की है जो अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इस किरदार में इमोशन, कॉमेडी और पागलपन सब कुछ है। रजनी बिहार की एक ऐसी लड़की को रिप्रेजेंट करती है, जो अपने दिल की सुनती है और हर चुनौती का सामना करने का हौसला रखती है। इस रोमांटिक और इमोशनल कहानी में कॉमेडी और ड्रामा दर्शकों को बहुत इंट्रेस्टिंग अनुभव देगा।”

फिल्म की निर्माता तनाया आडारकर ने कहा, “रजनी की बारात सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं है, बल्कि यह परिवार, रिश्तों, सपनों और एक लड़की के जुनून की कहानी है। हमने फिल्म को पूरी तरह देसी फ्लेवर और मनोरंजन के साथ बनाया है। ट्रेलर में जो अराजकता, कॉमेडी और ड्रामा दिखाई देता है, वह फिल्म का सिर्फ एक छोटा हिस्सा है। हमें विश्वास है कि दर्शक रजनी और उसकी इस अनोखी बारात से खुद को जोड़ पाएंगे। ‘रजनी की बारात’ 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।