Ustaad Bhagat Singh Box Office Collection: पवन कल्याण की फिल्म ने पार किया 50 करोड़ का आंकड़ा, लेकिन 'धुरंधर 2' की आंधी में पड़ी फीकी

Ustaad Bhagat Singh Box Office Collection: सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' ने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ का आंकड़ा तो पार कर लिया है, लेकिन फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखी गई है। रणबीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' से मिल रही कड़ी टक्कर के कारण यह फिल्म पवन कल्याण की पिछली हिट फिल्मों जैसे 'OG' और 'हरि हर वीरा मल्लू' के रिकॉर्ड्स से पीछे रह गई है।

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 6:40 PM
Story continues below Advertisement

साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' (UBS) ने बॉक्स ऑफिस पर अपने शुरुआती तीन दिन पूरे कर लिए हैं। फिल्म ने घरेलू बाजार में 50 करोड़ रुपये का प्रतिष्ठित आंकड़ा तो पार कर लिया है, लेकिन ट्रेड एनालिस्ट्स और फैंस की उम्मीदों के मुताबिक यह प्रदर्शन काफी नहीं माना जा रहा है। फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है बॉलीवुड फिल्म 'धुरंधर 2', जिसने तेलुगु राज्यों में भी अपनी जबरदस्त पकड़ बना ली है।

तीन दिनों का कलेक्शन और कमाई का गणित

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, उस्ताद भगत सिंह ने अपने तीसरे दिन यानी शनिवार को भारत में लगभग 9.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। शुक्रवार (9 करोड़) के मुकाबले शनिवार को फिल्म की कमाई में करीब 1.7% की मामूली बढ़त देखी गई।

हालांकि, फिल्म की शुरुआत बेहद धमाकेदार थी और इसने गुरुवार को 34.75 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन उसके बाद से कलेक्शन में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अब तक फिल्म का कुल डोमेस्टिक कलेक्शन 52.90 करोड़ रुपये हो चुका है।


पिछली फिल्मों से पिछड़ी 'उस्ताद भगत सिंह'

पवन कल्याण की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों के मुकाबले 'उस्ताद भगत सिंह' की रफ्तार थोड़ी धीमी नजर आ रही है। तुलनात्मक रूप से देखें तो:

* हरि हर वीरा मल्लू (HHVM): खराब रिव्यूज के बावजूद इस फिल्म ने तीन दिनों में 64.65 करोड़ रुपये कमाए थे।

* They Call Him OG: इस फिल्म ने अपने पहले तीन दिनों में 121.70 करोड़ रुपये का विशाल कलेक्शन किया था।

फिल्म की धीमी रफ्तार की एक मुख्य वजह धुरंधर 2 के साथ इसका टकराव (Clash) माना जा रहा है। हालांकि 'धुरंधर 2' के तेलुगु वर्जन ने तीसरे दिन कम कमाई की है, लेकिन उसके शो (Shows) की संख्या उस्ताद भगत सिंह के मुकाबले बहुत कम थी, फिर भी उसकी ऑक्यूपेंसी काफी बेहतर रही।

फिल्म के बारे में कुछ खास बातें

निर्देशक हरीश शंकर और पवन कल्याण की जोड़ी 12 साल बाद 'गब्बर सिंह' (2012) के बाद वापस लौटी है। फिल्म में श्रीलीला, राशी खन्ना और आर. पार्थिबन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म विजय और एटली की 2016 की ब्लॉकबस्टर 'थेरी' (Theri) का रूपांतरण है।

मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को आंध्र प्रदेश में टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी का भी फायदा मिला, लेकिन दर्शकों की ठंडी प्रतिक्रिया ) ने मेकर्स की चिंता बढ़ा दी है। अब सबकी नजरें रविवार के कलेक्शन पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि फिल्म सोमवार से बॉक्स ऑफिस पर टिक पाएगी या नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।