Vijay Deverakonda: हाल में ही जूनियर एनटीआर ने फिल्म 'देवरा' के गाने 'चुट्टामल्ले' के एक परेशान करने वाले AI-जनरेटेड वीडियो पर नाराजगी जताई थी। वायरल हो रहे इस AI वीडियो में एक्ट्रेस के लुक को मॉर्फ करके डिजिटल तरीके से ऐसे अश्लील सीन बनाए गए हैं, जो असल गाने का हिस्सा कभी थे ही नहीं। अब विजय देवरकोंडा ने भी सोशल मीडिया पर ऐसी हरकतों की कड़ी आलोचना की है।
विजय देवरकोंडा ने लिखा, "हम बहुत ही घटिया स्तर पर गिर चुके हैं। जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्हें सबसे सख्त कानूनी सजा मिलनी चाहिए और उनके मामले को एक मिसाल के तौर पर पेश किया जाना चाहिए। हमें इसे यूं ही नहीं छोड़ना चाहिए। हम एक-दूसरे के प्रति इतने असंवेदनशील कब से हो गए? कैसी परवरिश हो रही है? हम कैसे समाज में रह रहे हैं? जहां हमें एक-दूसरे को नीचा दिखाने में मजा आता है?"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसे समय में जब दुनिया इस बात पर बहस कर रही है और डरी हुई है कि AI कैसे लोगों की जॉब को खत्म कर रहा है, कुछ बेवकूफ लोग उसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बेहद घटिया हरकतें करने के लिए कर रहे हैं। यह डिजिटल रूप में यौन उत्पीड़न के बराबर है। कानून को ऐसी हरकतों को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए।" विजय देवरकोंडा ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "और जो टीम इसके खिलाफ आवाज उठा रही है, उन्हें मेरा पूरा समर्थन है।"
मॉर्फ किए गए वीडियो पर जूनियर एनटीआर की पोस्ट
जूनियर एनटीआर ने X पर ऐसे घटिया वीडियो बनाए जाने की कड़ी आलोचना की और साफ कहा कि वह इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने लिखा, "घिनौना, बीमार और बेशर्म। एक ऐसे देश में जहां महिलाओं को मां और देवी के रूप में पूजा जाता है, जहां 'मातृदेवो भव' सिर्फ एक कहावत नहीं बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है, वहां कुछ लोग इतने गिर गए हैं कि वे AI का इस्तेमाल करके किसी महिला का बेहद अपमानजनक तरीके से अनादर कर रहे हैं। AI का इस्तेमाल करके ऐसी घिनौनी चीज बनाना शब्दों से परे शर्मनाक है।"
उन्होंने आगे कहा, "इस मॉर्फ किए गए 'चुट्टामाले' (Chuttamalle) वीडियो के पीछे जो घटिया लोग हैं, मैं उनमें से किसी को नहीं बख्शूंगा। इसे बनाने वालों और इसे फैलाने वालों के खिलाफ मैं हर संभव कानूनी कार्रवाई करूंगा। कृपया ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही उस पर कोई प्रतिक्रिया दें। आज यह किसी और के साथ हुआ है। कल यह आपकी मां, बहन, पत्नी या बेटी के साथ भी हो सकता है।"
एक्टर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "यह एक गंभीर मुद्दा है और मैं सभी राज्य सरकारों और भारत सरकार से अपील करता हूं कि वे AI के गलत इस्तेमाल के ख़िलाफ़ सख्त कदम उठाएं और कड़े नियम बनाएं।"
'चुट्टामल्ले' एक रोमांटिक गाना है, जो लीड किरदारों के बीच की केमिस्ट्री को दिखाता है।इसे जान्हवी कपूर द्वारा निभाए गए फीमेल लीड किरदार के नजरिए से दिखाया गया है। इसे अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है और रामाजोगाया शास्त्री ने लिखा है। शिल्पा राव ने अपनी आवाज दी है और बोस्को मार्टिस ने कोरियोग्राफी की है। 'चुट्टामल्ले' तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया था।