Gustaakh Ishq: चलती-फिरती मोहब्बत की दास्तान! दिल्ली में 'गुस्ताख़ इश्क़' का प्रमोशन करने पहुंचे विजय वर्मा-फातिमा सना शेख

Gustaakh Ishq: मनीष मल्होत्रा की 'गुस्ताख़ इश्क़' शायरी और रोमांटिक म्यूजिक को सलाम करती है। बीते दिन दिल्ली के फ़िल्म डिविज़न ऑडिटोरियम में इसका ट्रेलर लॉन्च किया गया। इस खास मौके पर फ़ातिमा सना शेख़ और विजय वर्मा वहां मौजूद रहे।

अपडेटेड Nov 23, 2025 पर 12:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली में 'गुस्ताख़ इश्क़' का प्रमोशन करने पहुंचे विजय वर्मा-फातिमा सना शेख

Gustaakh Ishq: पुरानी ज़माने की मोहब्बत हो या Gen-Z का डिजिटल प्यार, मनीष मल्होत्रा की गुस्ताख़ इश्क़ शायरी को रोमांस में फिर से ज़िंदा करने आ रही है। मनीष मल्होत्रा के स्टेज5 प्रोडक्शन के बैनर तले बनी पहली फीचर फिल्म गुस्ताख़ इश्क़ – कुछ पहले जैसा का ट्रेलर दिल्ली में लॉन्च किया गया।

इस मौके पर फ़िल्म डिविज़न ऑडिटोरियम में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस और ट्रेलर लॉन्च का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म के लीड स्टार कलाकार फ़ातिमा सना शेख़ और विजय वर्मा ने शिरकत की थी। मीडिया के साथ उनकी बातचीत ने फिल्म की रोमांटिक और शायरना दुनिया के बारे में कई राज खोले।

ट्रेलर के दौरान एक शायरी ने माहौल में जादू घोल दिया, और दर्शकों की प्रतिक्रिया एक ही थी-वाह-वाह! “मेरा लहज़ा कैक्टस सा ख़ुरदुरा, तेरी बातें रातरानी की तरह… ग़म कोई देना है तो दे दे मुझे, दिल में रख लूंगा निशानी की तरह.”

विभु पुरी द्वारा निर्देशित यह फिल्म जैसे चलती-फिरती मोहब्बत की चिट्ठी है। शायरी, ठहराव, अदाएं और सूफ़ियाना एहसास से भरपूर यह कहानी दर्शकों को रुककर सुनने और महसूस करने का मौका देती है।


जब आज की ज्यादातर प्रेम कहानियां रील्स, डिजिटल स्लैंग और तेज़ कट्स में बंधी होती हैं, गुस्ताख़ इश्क़ एक अलग राह चुनती है-रोमांस को उसकी साहित्यिक और संवेदनशील जड़ों तक वापस ले जाती है। फिल्म यह खूबसूरती से कहती है कि “मोहब्बत आज भी वैसी ही गहरी है, बस अंदाज़ बदल गया है।”

फिल्म पुराने ज़माने की मोहब्बत और आज के डिजिटल प्यार-दोनों के बीच पुल बनाती है। विशाल भारद्वाज के मनमोहक संगीत और गुलज़ार साहब की गहन लेखनी फिल्म की रूह को और भी सजीव बनाते हैं। मनीष मल्होत्रा के इस पहले फिल्मी प्रोडक्शन में नसीरुद्दीन शाह, विजय वर्मा, फ़ातिमा सना शेख़, और शरीब हाशमी जैसे दमदार कलाकार एक साथ नज़र आएंगे।

मनीष मल्होत्रा और दिनेश मल्होत्रा द्वारा स्टेज5 प्रोडक्शन के तहत निर्मित, तथा विभु पुरी द्वारा निर्देशित यह फिल्म पुरानी दिल्ली की गलियों और पंजाब की ढलती कोठियों की पृष्ठभूमि में बसी एक अनकही मोहब्बत और गहरी चाहत की कहानी है। गुस्ताख़ इश्क़ – कुछ पहले जैसा 28 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।