क्या है कोरिया का कैंसल कल्चर? जिसके कारण कई सेलिब्रिटी गंवा चुके हैं अपनी जान
Korea cancel culture: के-ड्रामा की दुनिया बाहर से काफी खूबसूरत नजर आती है, लेकिन इसके पीछे की हकीकत अलग ही है। यहां सेलिब्रिटीज को पहले बहुत रिस्पेक्ट मिलता है, लेकिन अगर वे डेटिंग या स्मोकिंग जैसी चीजें करते हैं तो लोग सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना करने लगते हैं। इसे 'कैंसल कल्चर' भी कहा जाता है
सब मिलकर उस सेलिब्रिटी को इतना परेशान करते हैं कि या तो उनका करियर खत्म हो जाता है
दुनियाभर में के-ड्रामा को काफी पसंद किया जाता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को कोरियन ड्रामा काफी पसंद आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस चमकदार दुनिया के पीछे एक कड़वी सच्चाई छुपी है, जिसे कम ही लोग देखते हैं। यहां के लोग पहले फेमस सेलिब्रिटीज को पहले भगवान जैसा सम्मान दिया जाता है, लेकिन अगर वे कभी किसी डेटिंग या स्मोकिंग जैसा कुछ करते नजर आते हैं तो लोग तुरंत सोशल मीडिया पर तरह-तरह के रिएक्शन देने लगते हैं। सोशल मीडिया पर सब मिलकर उस सेलिब्रिटी को इतना परेशान करते हैं कि या तो उनका करियर खत्म हो जाता है, या फिर वे सुसाइड करने पर मजबूर हो जाते हैं।
किम सू-ह्यून पर लगे ये आरोप
हाल ही में के-ड्रामा स्टार किम सू-ह्यून का विवाद इसका एक और एग्जांपल है। 'क्वीन ऑफ टियर्स' के एक्टर किम सू-ह्यून पर दिवंगत एक्ट्रेस किम से-रॉन के साथ रिश्ता रखने का आरोप है। ऐसा कहा जा रहा है कि जब सू-ह्यून 27 साल के थे और किम से-रॉन सिर्फ 15 साल की, तब वे एक-दूसरे से मिलने लगे थे। दोनों के बीच बात तब और बिगड़ गई जब ब्रेकअप के बाद भी से-रॉन उसी एजेंसी के अधीन रहीं, जो सू-ह्यून की थी। बाद में किम से-रॉन नशे में गाड़ी चलाने (DUI) के केस में फंस गईं, जिसके बाद एजेंसी ने उनका जुर्माना भरा।
लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, एजेंसी ने बाद में उनसे पैसे लौटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। केस में फंसने के बाद से किम से-रॉन को काम नहीं मिल रहा था, जिससे वह पैसे लौटाने में असमर्थ थीं। उन्होंने एजेंसी से थोड़ा समय देने की गुजारिश की थी। लेकिन कुछ समय बाद, खबर आई कि से-रॉन ने आत्महत्या कर ली। यह मामला अभी भी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है।
सेउंगरी को हुई थी जेल
के-पॉप बैंड बिग बैंग के पूर्व सदस्य सेउंगरी अब भी आजादी से घूम रहे हैं और अपनी जिंदगी मजे से जी रहे हैं। उन्हें तीन साल की जेल हुई थी लेकिन बाद में उनकी सजा घटाकर सिर्फ 18 महीने रह गई। सेउंगरी पर रेप, सेक्सुअल हरासमेंट और अवैध गैंबलिंग जैसे गंभीर आरोप थे। इंटरनेट पर ऐसे वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें वह एक महिला की निजता का उल्लंघन करते नजर आते हैं। बावजूद इसके सेउंगरी फिलहाल गंगनम में एक सफल बिजनेस चला रहे हैं और बेफिक्र जिंदगी जी रहे हैं।
ली सन-क्यून ने ले ली अपनी जान
वहीं दूसरी ओर 'पैरासाइट' के मशहूर एक्टर ली सन-क्यून ने अपनी जान ले ली, क्योंकि वे अपनी बेगुनाही साबित नहीं कर सके। यह तब हुआ जब उनका ड्रग टेस्ट नेगेटिव आया था। एक्टर से 19 घंटे से ज्यादा पूछताछ की गई और कुछ समय बाद वे अपनी कार में मृत पाए गए। उन पर बिना किसी ठोस सबूत के सिर्फ कैनबिस के इस्तेमाल का आरोप था, जो अमेरिका, जर्मनी और कनाडा के कई हिस्सों में लीगल है।
स्मोकिंग करने पर होते हैं ट्रोल
हाल ही में, सार्वजनिक रूप से स्मोकिंग करने पर भी फेमस हस्तियों की एजेंसियों को माफी मांगनी पड़ी। इन कलाकारों पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया जाता है। इसमें बीटीएस के जुंगकुक और वी, के-ड्रामा स्टार हान सो-ही और जी चांग-वूक जैसे बड़े नाम शामिल हैं, जिन्हें सिर्फ स्मोकिंग करने पर आलोचना झेलनी पड़ी, जबकि यह उनकी पर्सनल चॉइस थी।
पिछले साल, बीटीएस के रैपर और निर्माता सुगा को भी DUI (नशे में गाड़ी चलाने) मामले में बेवजह कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी। दरअसल, वह घर के सामने स्कूटर चला रहे थे और गिर गए। इसके बाद उन्होंने दो बार माफी मांगी, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें माफ करने के बजाय बहिष्कार की मांग शुरू कर दी। कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि उन्हें बैंड से निकाल देना चाहिए।
क्या होता है 'कैंसल कल्चर'
कोरिया में 'कैंसल कल्चर' का मतलब है फेमस लोगों को छोटी-छोटी गलतियों पर सोशल मीडिया पर बायकॉट करना। अगर कोई सेलिब्रिटी डेटिंग, स्मोकिंग या किसी विवाद में फंस जाता है, तो लोग उसकी कड़ी आलोचना करने लगते हैं। इससे उनका करियर खत्म हो सकता है, एड छिन सकते हैं, और कई बार यह मानसिक दबाव जानलेवा भी बन जाता है।