Rapper Vedan: मलयालम रैपर वेदन, जिनका असली नाम हिरन दास मुरली है, को उस वन्यजीव मामले में बड़ा झटका लगा है। उनके पास से बरामद बाघ के दांतों की माला को लैब टेस्ट के बाद असली बताया गया है। खबरों के मुताबिक, वैज्ञानिक विश्लेषण से पुष्टि हो गई है कि जब्त की गई माला में लगा दांत असली है।
बताया जा रहा है कि वन अधिकारियों द्वारा वस्तु की प्रामाणिकता के बारे में पुख्ता सबूत मांगे जाने के बाद कोलकाता स्थित प्राणी सर्वेक्षण प्रयोगशाला में यह जांच की गई। प्रारंभिक जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ था कि दांत बाघ का हो सकता है। वैज्ञानिक रूप से इसकी पुष्टि करने के लिए, हार को लैब टेस्ट के लिए विशेष प्रयोगशाला में भेजा गया था।
रिपोर्ट के बाद, केरल वन विभाग अब वेदन के खिलाफ औपचारिक आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी कर रहा है। अधिकारी फिलहाल अदालत में पेश किए जाने वाले अंतिम दस्तावेज़ और सबूत जुटा रहे हैं। यह मामला बाघ के दांत के अवैध कब्जे से संबंधित है, जो भारत में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। कानून के तहत, बाघ के अंगों को खरीदाना, बचेना और शिकार करना एक दंडनीय अपराध माना जाता है। दोषी पाए जाने पर आरोपी को तीन साल तक की कैद हो सकती है।
खबरों के मुताबिक, पिछले साल अप्रैल में जांच शुरू हुई जब गांजा से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान वेदान और पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। कोच्चि स्थित रैपर के फ्लैट पर तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को एक हार मिला जिसमें बाघ का दांत जैसा कुछ दिखाई दिया था।
पुलिस ने इस बरामदगी की सूचना वन विभाग को दी थी। बाद में कोडानद की एक विशेष टीम ने उनके घर जाकर हार को जब्त कर लिया और रैपर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण का मामला दर्ज किया था। पूछताछ के दौरान, वेदन ने ने कहा था कि उन्हें यह हार 2022 में गिफ्ट में मिला था। उनके बयान के अनुसार, यह हार उन्हें चेन्नई में एक रैप परफॉर्मेंस के दौरान श्रीलंका मूल के रंजीत कुंबिडी नाम के एक व्यक्ति ने दिया था।
रैपर ने जांचकर्ताओं को बताया कि उनकी मुलाकात रंजीत से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। मामला दर्ज होने के बाद, अधिकारियों द्वारा जांच जारी रखने और प्रयोगशाला रिपोर्ट की प्रतीक्षा करते हुए, वेदन को कड़ी शर्तों पर जमानत दे दी गई।
हालांकि नई जांच में पुष्टि हो गई है कि हार में असली बाघ का दांत था, फिर भी जांचकर्ता रंजीत कुम्बिडी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसने वेदन को यह गिफ्ट दिया था। अधिकारियों का मानना है कि वह या तो यूनाइटेड किंगडम या फ्रांस चले गए होंगे, जिससे उनका पता लगाना मुश्किल हो गया है।
खबरों के अनुसार, वन विभाग ने प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए पेरुम्बावूर मजिस्ट्रेट कोर्ट से संपर्क किया था। वैज्ञानिक पुष्टि उपलब्ध होने के बाद, अधिकारियों द्वारा जल्द ही वेदन के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने की उम्मीद है।
बात करें रैपर की तो हीरंदास मुरली, जिन्हें वेदन के नाम से जाना जाता है, केरल के एक भारतीय रैपर और गीतकार हैं। त्रिशूर में जन्मे इस कलाकार को जून 2020 में तब फेम मिली जब उन्होंने अपना पहला संगीत वीडियो, 'वॉइस ऑफ द वॉइसलेस', यूट्यूब पर रिलीज़ किया। वीडियो ने ऑनलाइन खूब प्यार बटोरा था और उन्हें मलयालम रैप में एक नई आवाज़ के रूप में फेमस किया।
बाद में, वेदन ने अपना दूसरा संगीत वीडियो, 'भूमि नजान वझुनिदम' रिलीज़ किया। 2024 में, उन्होंने फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज़' के प्रोमो ट्रैक 'कुथंथ्रम' के लिए लोकप्रिय संगीतकार सुशिन श्याम के साथ सहयोग किया। पार्श्व गायक के रूप में, वेदन ने 'नयट्टू' के लिए 'नारबली' और 'नो वे आउट' के लिए 'मरनाथिन निरम' जैसे गाने गाए हैं।