बॉलीवुड के गलियारों में इन दिनों केवल दो ही चीजों की चर्चा है पहली, रणबीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' की ऐतिहासिक सफलता और दूसरी, करण जौहर का ड्रीम प्रोजेक्ट 'तख्त' (Takht)। जैसे ही 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश शुरू की, सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेजी से फैलने लगी कि क्या अब करण जौहर अपनी रुकी हुई फिल्म 'तख्त' को दोबारा शुरू करने जा रहे हैं? अब खुद करण जौहर ने इन खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
क्या था 'तख्त' को लेकर नया विवाद?
रणवीर सिंह द्वारा 'धुरंधर 2' में निभाए गए गंभीर और डार्क किरदार को देखकर फैंस को लगा कि वे मुगल काल की इस महागाथा के लिए बिल्कुल फिट हैं। चर्चा थी कि रणवीर और आलिया भट्ट की इस मल्टीस्टारर फिल्म को फिर से जीवित किया जा सकता है।
फैंस की बढ़ती उम्मीदों के बीच करण जौहर ने एक इंटरव्यू में साफ कर दिया कि फिलहाल 'तख्त' को दोबारा शुरू करने का उनका कोई इरादा नहीं है। करण ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "तख्त मेरे दिल के बहुत करीब है और यह एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट था, लेकिन फिलहाल यह ठंडे बस्ते में ही है। मैं उन यादों और उस मेहनत का सम्मान करता हूं जो हमने प्री-प्रोडक्शन में की थी, लेकिन अभी इसे रिवाइव करने की कोई योजना नहीं है।"
करण ने आगे यह भी जोड़ा कि वे दर्शकों की खूबसूरत यादों और उम्मीदों के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहते। उन्होंने यह भी साफ किया कि 'कभी खुशी कभी गम 2' को लेकर भी जो खबरें चल रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं।
'तख्त' की घोषणा साल 2018 में बड़े जोर-शोर से की गई थी। इसमें रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, करीना कपूर खान, विक्की कौशल, जाह्नवी कपूर और अनिल कपूर जैसे सितारों की फौज थी। फिल्म की कहानी मुगल शहजादों दारा शिकोह और औरंगजेब के बीच सत्ता के संघर्ष पर आधारित थी। हालांकि, महामारी (Pandemic) और बजट की अनिश्चितताओं के कारण इस प्रोजेक्ट को रोक दिया गया था।
'धुरंधर 2' की सफलता का असर
भले ही 'तख्त' शुरू न हो रही हो, लेकिन रणवीर सिंह के लिए यह समय स्वर्ण युग जैसा है। धुरंधर: द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर मात्र तीन दिनों में ₹226.27 करोड़ कमाकर यह साबित कर दिया है कि दर्शक रणवीर को इंटेंस और लार्जर-दैन-लाइफ किरदारों में देखना पसंद कर रहे हैं। इसी सफलता ने फैंस को उम्मीद दी थी कि शायद अब करण जौहर अपना मन बदल लें।
करण जौहर के बयान के बाद यह स्पष्ट है कि 'तख्त' फिलहाल पर्दे पर नहीं आने वाली है। हालांकि, करण जौहर ने यह संकेत जरूर दिया है कि वे भविष्य में कुछ और बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं, लेकिन 'तख्त' के प्रेमियों को अभी और लंबा इंतजार करना पड़ सकता है या शायद यह फिल्म कभी न बने।