Yeh Prem Mol Liya Review: आयुष्मान-शरवरी ने जीता दिल, लीक से हटकर चलने की कोशिश में कमजोर पड़ी कहानी

Yeh Prem Mol Liya Review: आयुष्मान खुराना-शरवरी वाघ स्टारर 'ये प्रेम मोल लिया' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म को मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। कैसी फिल्म चलिए जानते हैं।

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 3:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस बार दुल्हन विदा नहीं लेती है, बल्कि प्रेम विदा होकर ससुराल पहुंचता है। लेकिन इस रीत को बदलने के लिए उसे कोर्ट तक जाना पड़ जाता है।

फिल्म-ये प्रेम मोल लिया

निर्देशक-सूरज बड़जात्या

कलाकार-आयुष्मान खुराना, शरवरी, अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, स्वानंद किरकिरे, सौम्या टंडन, सीमा पाहवा


रेटिंग-3/5

Yeh Prem Mol Liya Review: राजश्री प्रोडक्शंस की यह फैमिली ड्रामा 'ये प्रेम मोल लिया' अपने बैनर की पुरानी फिल्मों की इमेज कहें या सोच को बदलने कोशिश करती दिखती है। 1980 के दशक में अपना करियर शुरू करने वाले सूरज बड़जात्या की यह 9वीं निर्देशित फिल्म है। इस बार दुल्हन विदा नहीं लेती है, बल्कि प्रेम विदा होकर ससुराल पहुंचता है। लेकिन इस रीत को बदलने के लिए उसे कोर्ट तक जाना पड़ जाता है।

फिल्म की कहानी

कहानी दो बिल्कुल अलग परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें शादी के बाद एक ही घर में साथ रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। यह शादी सामाजिक रीति रिवाजों को पूरी तरह बदल देती है। यह ऐसी दिशा में जाती है, जहां बड़जात्या की कोई भी फिल्म पहले कभी नहीं गई। लेकिन क्या इतना काफी है?

'ये प्रेम मोल लिया' काफी लंबी फिल्म है। फिल्म में पहली फिल्मों की तरह मजा नहीं आता है। जानबूझकर लीक से हटकर चलने की कोशिश ने इसे कमजोर बना दिया है। बीच-बीच में थोड़ा ही मनोरंजन कर पाती है। यह फिल्म परंपराओं को चुनौती देती तो दिखती है, लेकिन इसमें मौजूद कई विरोधाभासों को यह पूरी तरह से नहीं संभाल पाती।

फिल्म की कहानी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, जहां किरदार कभी पूरे यकीन के साथ आगे बढ़ते हैं तो कभी उलझन में पड़ जाते हैं। कई दुखद घटनाएं, रिश्ते टूटना और अचानक आने वाले जज्बाती फैसले, प्रेम मिश्रा (आयुष्मान खुराना) और पूर्वा सोलंकी (शर्वरी) की अच्छी तरह से बनाई गई योजनाओं को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।

प्रेम, जो आदर्श पुरुष के गुणों से भरा है, एक उभरता हुआ संगीतकार है और हिंदी फिल्मों में अपने बड़े मौके का इंतजार कर रहा है। पटना से आया यह लड़का मानता है कि प्यार का अंजाम तुरंत शादी ही होना चाहिए। उसकी जिंदगी में रोमांस या डेटिंग के लिए कोई जगह नहीं है। वह एक लड़की को देखता है, उससे प्यार करने लगता है और तुरंत शादी करने के लिए तैयार हो जाता है। उसकी सोच में 'अगर-मगर' या 'चलो थोड़ा इंतजार करके देखते हैं' जैसी कोई बात ही नहीं है।

लेकिन पूर्वी के साथ ऐसा नहीं है। वह एक दबंग पत्रकार है, जिस पर पांच महिलाएं - दो दादी/नानी, दो चाची/बुआ और एक भतीजी/भांजी - निर्भर हैं। वह परिवार की इकलौती कमाने वाली सदस्य है। उसके पास शादी या ससुराल के लिए न तो समय है और न ही कोई दिलचस्पी।

बिना पूर्वी की जानकारी के, प्रेम उस पर फिदा होकर उसका पीछा करता है, जब वह ट्रेन से काम पर जाती और वापस आती है। एक ओल्ड एज होम में गरबा नाइट के दौरान, जहाँ प्रेम परफॉर्म करता है, वह पूर्वी की बुलाई गई गाड़ी में किसी तरह घुस जाता है। थोड़ी देर बाद वह उसे प्रपोज करता है और सफाई देता है कि वह कोई "खतरनाक पीछा करने वाला" (टॉक्सिक स्टॉकर) या अजीब इंसान नहीं है। पूर्वी उसे साफ कह देती है कि चाहे कुछ भी हो जाए, वह अपने परिवार को नहीं छोड़ेगी।

प्रेम को समझ आ जाता है कि पूर्वी से शादी करने का बस एक ही तरीका है - अपने पूरे परिवार को मुंबई के बीचों-बीच स्थित सोलंकी हवेली में ले आना। उसके परिवार में शामिल हैं - समझदार और भले दादाजी मुकेश मिश्रा (अनुपम खेर), रूढ़ीवादी सोच वाले पिता वेद मिश्रा (स्वानंद किरकिरे), रूढ़िवादी मां गायत्री (गीता अग्रवाल शर्मा) और भाई रोहित (क्रिश राव)।

जैसे तैसे दोनों घरों के लोग साथ आते हैं तो इस बात पर बहस करते हैं कि भिंडी से कौन सी डिश बनाई जाए, टीवी रिमोट सबसे पहले किसे मिले और महीने के खर्चों को कैसे बांटा जाए। प्रेम और पूर्वा हालात को संभालने की कोशिश करते हैं, लेकिन फिर दो बड़े मोड़ आते हैं, जिससे उन्हें आगे की उलझनों से बचने के लिए तुरंत कुछ सोचना पड़ता है।

उम्मीदों पर नहीं खरी उतरी फिल्म

'ये प्रेम मोह लिया' लगभग तीन घंटे लंबी फिल्म है। यह उतनी 'मॉडर्न' नहीं है, जितना यह खुद को बता रही थी। एक प्रोग्रेसिव एंड की ओर बढ़ते हुए, यह फिल्म रीति-रिवाजों और बगावत, वफादारी और अपनी मर्जी के बीच संतुलन बनाने में काफी संघर्ष करती है। फिल्म में कुछ ऐसी बातें कही और की गई हैं, जो काफी क्रांतिकारी लग सकती हैं—खासकर राजश्री की फिल्मों के हिसाब से—लेकिन यह फिल्म बहुत ज्यादा बदलाव लाने या व्यवस्था को हिलाने से बचती भी दिखती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।