Liver पर हमारे शरीर की सेहत का आधे से ज्यादा भार टिका हुआ है। ये हमारे शरीर का दूसरा सबसे बड़ा और सबसे महत्वपूर्ण अंग है क्योंकि इसके ऊपर पाचन तंत्र की जिम्मेदारी है। ये ठीक से काम करेगा, तो शरीर को पूरा पोषण मिलेगा, शरीर से टॉक्सिंस बाहर निकलेंगे और ब्लड शुगर नियंत्रण में रहेगी। इसलिए लिवर का स्वस्थ और सक्रिय रहना बहुत जरूरी है।
2023 के आंकड़े बताते हैं कि हर साल दुनिया में लगभग 20 लाख लोग लिवर या उससे जुड़ी बीमारियों की वजह से मौत की नींद सो जाते हैं। वैश्विक स्तर पर ये संख्या कुल मौतों के 4% के बराबर है। ये हमारे शरीर के लिए 500 से ज्यादा जरूरी काम करता है। इसका मिजाज बिगड़ने से पूरे शरीर की सेहत खराब हो जाती है। ऐसे में लिवर की देखभाल भी दिल या फेफड़ों का ध्यान रखने जितना ही जरूरी है। लिवर को हेल्दी रखने के लिए सुबह की कुछ आसान आदतें बहुत असरदार साबित हो सकती हैं।
हल्की-फुल्की एक्सरसाइज : सुबह थोड़ी सी वॉक, जॉगिंग या योगासन लिवर की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। कई अध्ययन में बताया गया है कि रोजाना व्यायाम करने से लिवर फैट और ट्राइग्लिसराइड्स दोनों घटते हैं। 2024 में जापान के यूनिवर्सिटी ऑफ त्सुकुबा के शोधकर्ताओं ने पाया कि नियमित एक्सरसाइज से लिवर स्टिफनेस में 6.8% और फाइब्रोसिस स्कोर में 16.4% की कमी आई, खासकर मोटापे से ग्रस्त पुरुषों में। सुबह की सिर्फ 30 मिनट का व्यायाम फैटी लिवर (NAFLD) के खतरे को काफी हद तक घटा सकती है।
नट्स को करें डाइट में शामिल : सुबह के मिड-स्नैक्स के रूप में अखरोट या बादाम खाना लिवर के लिए वरदान है। 2019 की एक शोध में कहा गया है कि जिन लोगों के रोजाना के आहार में नट्स शामिल थे, उनमें नॉन-अल्को हलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) का खतरा काफी कम पाया गया। ये हेल्दी फैट्स, विटामिन E और एंटीऑक्सीडेंट्स के बेहतरीन स्रोत हैं।
ब्लैक कॉफी पिएं : अगर आप ब्लैक कॉफी पीने के शौकीन हैं, तो यह आपके लिवर के लिए वरदान से कम नहीं है। 2021 के एक शोध के मुताबिक, रोज कॉफी पीने वालों में क्रॉनिक लिवर डिजीज का खतरा 21% कम, फैटी लिवर का खतरा 20% कम और लिवर डिजीज से मौत का खतरा 49% कम पाया गया। ब्लैक कॉफी लिवर को डिटॉक्स करती है और लिवर एंजाइम्स को स्थिर रखती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें