Benefits of Gud wali Chai: सर्दियों का मौसम अपने साथ कोहरा, गर्म कपड़े और धूप की गर्माहट के साथ कुछ खाने-पीने की शानदार चीजें भी लाता है। गुड़ वाली चाय इनमें से एक है। सर्दियों के मौसम में गुड़ वाली वाली चाय की प्याली अलग ही मजा देती है। और मजे की बात को अगर किनारे भी कर दें, तो ये सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। दादी-नानी के जमाने से सर्दियों के मौसम में शरीर को अंदर से गर्म रखने का ये अचूक नुस्खा रहा है। बहुत से लोग इसकी खासियतों को मानने से इनकार करते हैं। तो कुछ लोग गुड़ के स्वाद पर नाक-भौं चढ़ाते हैं, लेकिन गुड़ के गुणों का बखान अब खुद डाइटीशियन भी करने लगे हैं। गुड़ में एंटी ऑक्सिडेंट के साथ ही आयरन और मैग्नीशियम समेत कई जरूरी मिनरल्स होते हैं, जो सर्दियों के मौसम में शरीर का ख्याल रखते हैं। गुड़ वाली चाय के नाम पर नाक सिकोड़ने वालों के लिए आइए आज जानते हैं सर्दियों की इस नायाब चीज से शरीर को मिलने वाले फायदों के बारे में
गुणों से भरपूर है गर्माहट से भरी एक प्याली
एक प्याली गुड़ वाली चाय सर्दियों के महीनों में आरामदायक और गर्म रहने का एक शानदार तरीका होने के साथ ही गुणों का खजाना भी है। चाय में चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करने से पाचन शक्ति बेहतर होती है, इम्यूनिटी मजबूत होती है और सर्दियों के महीनों में पूरे शरीर को गर्मी मिल सकती है।
शरीर की नेचुरल गर्मी रखता है कायम
गुड़ प्राकृतिक तौर से गर्म होता है। इसलिए यह शरीर के तापमान को बनाए रखने में मदद करता है। सर्दियों में जब आप बाहर निकलते हैं, तो ये अंदर से गर्माहट लाता है और बाहरी बीमारियों से बचाता है
गुड़ को "पाचन बढ़ाने वाला" माना जाता है क्योंकि यह आपके पाचन तंत्र को ज्यादा अच्छे से काम करने में मदद करता है। यह सर्दियों में होने वाली कुछ आम पाचन समस्याओं जैसे पेट फूलना, कब्ज और धीमे पाचन को कम करने में भी मदद करता है।
एक कप गुड़ की चाय एनर्जी बढ़ाए
तुरंत एनर्जी देने वाली रिफाइंड चीनी के मुकाबले गुड़ में एनर्जी धीरे-धीरे मगर काफी देर तक मिलती है। इससे सर्दियों की थकान और नींद की कमी के असर को कम किया जा सकता है।
गुड़ में भरपूर आयरन और अन्य एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं जो इम्यून सिस्टम की रक्षा करने और मौसमी बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं।
गुड़ को आयरन का एक अच्छा स्रोत माना जाता है, जो हीमोग्लोबिन के स्वस्थ स्तर को बनाए रखने के लिए जरूरी है। हीमोग्लोबिन का स्तर बनाए रखना खासकर सर्दियों के धीमे और सुस्त महीनों में फायदेमंद होता है।
डायबिटीज के रोगी ध्यान रखें
अगर आपको डायबिटीज से है, तो गुड़ पर शिफ्ट करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें। इस स्थिति में कही-सुनी बातों के आधार पर फैसला लेने से बचना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें