आज की तेज रफ्तार जिंदगी में अनियमित खानपान, देर तक बैठकर काम करना और फिजिकल एक्टिविटी की कमी ने सेहत पर गहरा असर डाला है। इसका नतीजा यह है कि मोटापा और डायबिटीज जैसी बीमारियां अब हर उम्र के लोगों में तेजी से बढ़ रही हैं। लोग वजन कम करने के लिए डाइट, एक्सरसाइज और घरेलू उपायों का सहारा लेते हैं, लेकिन हर किसी को मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता। ऐसे में अब मेडिकल साइंस ने भी इस दिशा में नए विकल्प पेश किए हैं,
जहां दवाओं के जरिए वजन और ब्लड शुगर को कंट्रोल करने की कोशिश की जा रही है। ये बदलाव उन लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है, जो लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं और असरदार समाधान की तलाश में हैं।
अमेरिकी दवा कंपनी Eli Lilly ने भारत में अपनी दवा Mounjaro लॉन्च की है। यह दवा खासतौर पर वजन घटाने और टाइप-2 डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए लाई गई है। इसे इंजेक्शन के रूप में दिया जाता है और इसे भारतीय नियामक संस्था CDSCO से मंजूरी मिल चुकी है।
शरीर में कैसे करती है काम?
यह दवा शरीर के दो अहम हार्मोन—GLP-1 और GIP—को सक्रिय करती है। इससे इंसुलिन बेहतर तरीके से काम करता है, ब्लड शुगर कंट्रोल रहता है और भूख कम लगती है। नतीजतन, व्यक्ति कम खाता है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
ट्रायल में दिखा जबरदस्त असर
क्लिनिकल ट्रायल में इस दवा के नतीजे काफी चौंकाने वाले रहे। जिन लोगों ने इसकी हाई डोज ली, उनका वजन 72 हफ्तों में औसतन 21.8 किलो तक कम हुआ। वहीं कम डोज लेने वालों ने भी 15 किलो से ज्यादा वजन घटाया।
भारत में ये दवा अलग-अलग डोज में उपलब्ध है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 3,500 रुपये से शुरू होती है, जिससे ज्यादा लोगों तक ये इलाज पहुंच सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, ये दवा न सिर्फ वजन घटाने में मदद करती है, बल्कि भूख को कंट्रोल कर लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास भी देती है। इससे ओवरईटिंग कम होती है और शरीर में फैट घटने लगता है।
भारत के लिए क्यों है खास?
भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिसमें मोटापा एक बड़ा कारण है। ऐसे में मौनजारो जैसी दवा इस समस्या से निपटने में अहम भूमिका निभा सकती है और लोगों को बेहतर लाइफस्टाइल अपनाने में मदद दे सकती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।