Heart Health: इन 5 लक्षणों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज, बढ़ सकता है हार्ट अटैक का खतरा

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हार्ट अटैक का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, दिल अचानक जवाब नहीं देता, बल्कि पहले कई चेतावनी संकेत देता है। इन शुरुआती लक्षणों को समय रहते पहचान लेना गंभीर स्थिति से बचा सकता है। आइए जानते हैं हार्ट अटैक से पहले शरीर कौन-कौन से संकेत देता है

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 8:48 AM
Heart attack: पर्याप्त और अच्छी नींद शरीर को रिपेयर करने में मदद करती है।

दिल की बीमारियां अब सिर्फ बढ़ती उम्र की समस्या नहीं रह गई हैं। बदलती जीवनशैली, काम का दबाव, अनियमित दिनचर्या और खानपान की खराब आदतें युवाओं के दिल की सेहत पर भी असर डाल रही हैं। यही वजह है कि हाल के वर्षों में हार्ट अटैक के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। चिंताजनक बात यह है कि कई लोग शुरुआती संकेतों को सामान्य थकान, गैस या तनाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर अक्सर किसी बड़ी परेशानी से पहले चेतावनी देने की कोशिश करता है।

ऐसे में कुछ खास लक्षणों को समय रहते पहचानना बेहद जरूरी हो जाता है। अगर इन संकेतों पर ध्यान दिया जाए और सही समय पर जांच करवाई जाए, तो गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। इसलिए दिल से जुड़े किसी भी असामान्य बदलाव को हल्के में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए।

पहले से मिलते हैं चेतावनी संकेत


Medicover Hospitals के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. के. साकेत के News 18 तेलुगू से बात करते हुए बताया कि, हार्ट अटैक से पहले शरीर कई तरह के छोटे-छोटे संकेत देता है, जिन्हें समय रहते पहचानना बहुत जरूरी है। उनका कहना है कि अगर इन लक्षणों को नजरअंदाज किया जाए तो खतरा बढ़ सकता है।

1.बिना मेहनत के भी थकान महसूस होना

अगर बिना ज्यादा काम किए भी शरीर में लगातार कमजोरी या थकान बनी रहती है, तो ये दिल की समस्या का शुरुआती संकेत हो सकता है। जब दिल सही तरह से खून पंप नहीं कर पाता, तो शरीर जल्दी थकने लगता है और एनर्जी कम महसूस होती है।

2. सीने में दबाव या दर्द को हल्के में न लें

छाती में भारीपन, दबाव या दर्द हार्ट अटैक का सबसे आम संकेत माना जाता है। कई बार ये दर्द कुछ मिनट के लिए आता है और फिर चला जाता है, जिससे लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर खतरनाक साबित हो सकता है।

3. सांस लेने में दिक्कत और अचानक घबराहट

अगर थोड़ी सी चलने-फिरने या सामान्य काम करने पर भी सांस फूलने लगे, तो ये दिल की कमजोरी का संकेत हो सकता है। इसके साथ अगर घबराहट महसूस हो तो इसे बिल्कुल भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।

4. अचानक ठंडा पसीना आना और दिल की धड़कन तेज होना

बिना किसी वजह के अचानक ठंडा पसीना आना भी एक चेतावनी संकेत हो सकता है। साथ ही दिल की धड़कन का अचानक तेज हो जाना, रुक-रुक कर धड़कना या अनियमित होना भी खतरे की ओर इशारा करता है।

5. गैस-एसिडिटी समझकर भूल न करें गंभीर संकेत

कई बार हार्ट अटैक के लक्षण गैस, एसिडिटी या सामान्य कमजोरी जैसे लगते हैं, खासकर महिलाओं और डायबिटीज के मरीजों में। लेकिन बार-बार ऐसा महसूस होना गंभीर संकेत हो सकता है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

डॉक्टर की सलाह

डॉ. साकेत सलाह देते हैं कि अगर सीने में असामान्य दर्द, सांस लेने में दिक्कत या लगातार थकान महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ECG या अन्य हार्ट टेस्ट करवाकर समय रहते बीमारी का पता लगाया जा सकता है, जिससे जान बचाई जा सकती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सुझावों पर आधारित है। इसे किसी योग्य चिकित्सा राय का विकल्प न मानें। किसी भी नए व्यायाम को शुरू करने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

Egg: अंडे खाने के 5 फायदे, एक्सपर्ट से जानिए कि क्या इससे वेट लॉस में मिलती है मदद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।