गर्मी का मौसम आते ही लोग ऐसे फलों की तलाश में रहते हैं, जो शरीर को ठंडक देने के साथ एनर्जी भी बनाए रखें। इन्हीं मौसमी फलों में एक नाम तारकुन यानी आइस एप्पल का भी है, जो अब शहरों में भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ताड़ के पेड़ पर लगने वाला यह पारदर्शी और जेली जैसा फल स्वाद में हल्का मीठा होता है। इसे खाने से शरीर को ताजगी महसूस हो सकती है। खास बात यह है कि इसमें पानी, मिनरल्स और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकते हैं।
यही वजह है कि कई लोग इसे नेचुरल समर कूलर भी कहते हैं। इतना ही नहीं, यह पेट को हल्का रखने और गर्मी से होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने में भी फायदेमंद माना जाता है।
गर्मी में पसीना ज्यादा निकलने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने लगती है। तारकुन में सोडियम और पोटैशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं, जो शरीर में तरल संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं। इसे खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और बार-बार लगने वाली प्यास से भी राहत मिल सकती है।
तारकुन को पेट का दोस्त भी कहा जाता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। गर्मियों में अक्सर लोग कब्ज, गैस और पेट फूलने जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं, ऐसे में यह फल राहत देने का काम कर सकता है। इसमें मौजूद कुछ प्राकृतिक एंजाइम भोजन को पचाने में भी सहायक माने जाते हैं।
थकान और कमजोरी से दिलाए राहत
अगर थोड़ी देर काम करने के बाद ही थकान महसूस होने लगती है, तो तारकुन आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें विटामिन B कॉम्प्लेक्स पाया जाता है, जो शरीर में ऊर्जा बनाने में मदद करता है। यही नहीं, ये विटामिन दिमाग और नसों को स्वस्थ रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
इम्यूनिटी और स्किन दोनों को करे सपोर्ट
आइस एप्पल में विटामिन C भी अच्छी मात्रा में मौजूद होता है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। बदलते मौसम में होने वाले फ्लू और संक्रमण से बचाव के लिए विटामिन सी जरूरी माना जाता है। साथ ही इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाकर स्किन को हेल्दी और फ्रेश बनाए रखने में भी मदद कर सकते हैं।
गर्मियों का हेल्दी और हल्का स्नैक
तारकुन का स्वाद हल्का मीठा और बेहद रिफ्रेशिंग होता है। यही वजह है कि गर्मियों में इसे एक हेल्दी स्नैक के तौर पर भी पसंद किया जाता है। कम कैलोरी वाला यह फल शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ ताजगी का एहसास भी कराता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सुझावों पर आधारित है। इसे किसी योग्य चिकित्सा राय का विकल्प न मानें। किसी भी नए व्यायाम को शुरू करने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।