आज की तेज रफ्तार जिंदगी में बढ़ता वजन सबसे आम परेशानियों में से एक बन चुका है। भागदौड़ के बीच लोग फिट रहने के लिए जिम से लेकर डाइटिंग तक कई तरीके अपनाते हैं, लेकिन कई बार इतनी मेहनत के बावजूद मनचाहा परिणाम नहीं मिल पाता। असल में, पूरे दिन की फिटनेस काफी हद तक इस बात पर निर्भर करती है कि आपकी सुबह कैसे शुरू होती है। अगर दिन की शुरुआत हल्की-फुल्की लेकिन सही आदतों के साथ हो, तो वजन घटाना आसान हो जाता है।
सुबह ही शरीर को सही पोषण और ऊर्जा मिल जाए, तो मेटाबॉलिज्म बेहतर चलता है और दिन भर ओवरईटिंग का खतरा भी कम हो जाता है। इसलिए फिट रहने के लिए सिर्फ एक्सरसाइज ही नहीं, बल्कि सुबह की रूटीन भी उतनी ही जरूरी है। यही छोटी शुरुआत आपके पूरे वजन घटाने के सफर को आसान बना सकती है।
सुबह खाली पेट खाएं ये चमत्कारी बीज
एक छोटा-सा बीज है जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन उसे सुबह चबाकर खा लें तो आपका फिटनेस गोल तेजी से पूरा हो सकता है। ये है अलसी का बीज, जो वजन कम करने के साथ-साथ शरीर को कई अन्य फायदे भी देता है।
सुबह खाली पेट एक चम्मच अलसी के बीज खाने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है। यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे ओवरईटिंग से बचाव होता है और धीरे-धीरे वजन कम होने लगता है।
अलसी के बीजों को प्राकृतिक एनर्जी बूस्टर माना जाता है। रोज सुबह इसका सेवन शरीर को पूरे दिन एक्टिव रखता है। इसमें मौजूद अधिक प्रोटीन ऊर्जा बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाता है।
अलसी में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। ये कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखता है और ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे हार्ट डिजीज का खतरा कम होता है।
फाइबर से भरपूर अलसी कब्ज और पाचन संबंधी समस्याओं के लिए रामबाण है। यह आंतों की सफाई करता है और डाइजेशन को बेहतर बनाने में मदद करता है।
अगर बाल झड़ रहे हैं तो अलसी आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। इसमें मौजूद विटामिन E, ओमेगा-3 और विटामिन B बालों को मजबूत बनाते हैं। त्वचा को भी स्वाभाविक निखार मिलता है।
अलसी को रातभर भिगोकर सुबह उसका पानी निकाल कर खाएं। चाहे तो इसके रोस्ट किए हुए बीज भी खाए जा सकते हैं। दोनों ही तरीके शरीर को बेहतरीन लाभ देते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।