Low Blood Pressure: गर्मी ने बढ़ाई मुसीबत! लो BP वालों के लिए जरूरी अलर्ट, वरना पड़ सकते हैं चक्कर

Smart Tips To Prevent Low Blood Pressure: गर्मियों में तेज धूप और पसीना लो ब्लड प्रेशर वालों की परेशानी बढ़ा सकता है। शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने पर चक्कर, कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। ऐसे में कुछ आसान आदतें अपनाकर आप गर्म मौसम में भी खुद को एक्टिव, फ्रेश और स्वस्थ बनाए रख सकते हैं

अपडेटेड May 24, 2026 पर 8:38 AM
Story continues below Advertisement
अत्यधिक कैफीन और शराब शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं।

गर्मियों का मौसम अपने साथ धूप, ट्रैवल, छुट्टियां और मस्ती लेकर आता है, लेकिन यही तेज गर्मी लो ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण भी बन सकती है। बढ़ता तापमान शरीर से तेजी से पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकाल देता है, जिससे शरीर कमजोर महसूस करने लगता है। कई बार अचानक चक्कर आना, आंखों के आगे अंधेरा छाना, थकान या बेहोशी जैसी समस्याएं भी सामने आने लगती हैं। खास बात यह है कि ज्यादातर लोग इन संकेतों को सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

गर्म मौसम में शरीर को सिर्फ ठंडक ही नहीं, सही हाइड्रेशन और संतुलन की भी जरूरत होती है। अगर समय रहते कुछ आसान और स्मार्ट आदतें अपनाई जाएं तो लो BP की समस्या को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है और पूरे सीजन शरीर को एक्टिव व फ्रेश रखा जा सकता है।

पानी की कमी बिल्कुल न होने दें


गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए तेजी से पानी निकलता है। जब शरीर में पानी कम होता है तो ब्लड फ्लो धीमा पड़ने लगता है और BP नीचे गिर सकता है। इसलिए दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। बाहर निकलते समय हमेशा पानी की बोतल साथ रखें ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और कमजोरी महसूस न हो।

सिर्फ पानी नहीं, इलेक्ट्रोलाइट्स भी जरूरी

पसीने के साथ शरीर से सोडियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी मिनरल्स भी बाहर निकल जाते हैं। ऐसे में नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और ORS जैसे ड्रिंक्स शरीर को तुरंत राहत देते हैं। केला, तरबूज, खीरा और दही जैसी चीजें भी शरीर में ऊर्जा बनाए रखने में मदद करती हैं।

भारी खाने से बढ़ सकती है परेशानी

एक बार में ज्यादा खाना खाने से शरीर का ज्यादा खून पाचन में लग जाता है, जिससे लो BP वाले लोगों को सुस्ती और चक्कर महसूस हो सकते हैं। इसलिए दिनभर में थोड़ा-थोड़ा और संतुलित भोजन करें। लंबे समय तक खाली पेट रहने से भी कमजोरी बढ़ सकती है।

अचानक खड़े होना पड़ सकता है भारी

लो BP वाले लोगों को अचानक उठने पर चक्कर आने की शिकायत अक्सर होती है। गर्मी में यह समस्या और बढ़ जाती है क्योंकि गर्म मौसम में नसें फैल जाती हैं। बिस्तर या कुर्सी से धीरे-धीरे उठें और शरीर को एडजस्ट होने का समय दें।

गर्म पानी से नहाना कर सकता है नुकसान

गर्म पानी शरीर की नसों को और ज्यादा फैलाता है, जिससे ब्लड प्रेशर तेजी से गिर सकता है। खासकर धूप से आने के तुरंत बाद गर्म पानी से नहाना परेशानी बढ़ा सकता है। ऐसे में ठंडे या हल्के गुनगुने पानी से नहाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।

ज्यादा चाय-कॉफी और शराब से बचें

अत्यधिक कैफीन और शराब शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं। इससे लो BP की समस्या और गंभीर हो सकती है। गर्मियों में ज्यादा चाय-कॉफी की जगह फ्रूट जूस, हर्बल टी या फ्लेवर्ड पानी जैसे हेल्दी विकल्प चुनना बेहतर रहेगा।

Compression Stockings भी बन सकते हैं सहारा

जो लोग लंबे समय तक खड़े रहते हैं या बार-बार चक्कर महसूस करते हैं, उनके लिए Compression Stockings काफी मददगार हो सकते हैं। ये पैरों में ब्लड जमा होने से रोकते हैं और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं, जिससे शरीर में कमजोरी कम महसूस होती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सुझावों पर आधारित है। इसे किसी योग्य चिकित्सा राय का विकल्प न मानें। किसी भी नए व्यायाम को शुरू करने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

Health Tips: पेट की जलन ने कर दिया परेशान? डाइट से हटाएं ये खतरनाक चीजें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।