मोहाली के सोहाना में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब मशहूर कबड्डी खिलाड़ी कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार तीन हमलावरों ने पहले खुद को उनका फैन बताया और सेल्फी के लिए बुलाया और फिर करीब से सिर में गोली दाग दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राणा को गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि 30 साल के राणा को शाम 6:05 बजे अस्पताल लाया गया था, पर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हिमाचल के शाही परिवार से था संबंध
राणा बलाचौरिया मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के राजघराने से ताल्लुक रखते थे। उनका परिवार कई सालों से पंजाब के नवांशहर जिले के बलाचौर में रह रहा था। वे कुश्ती से करियर की शुरुआत कर कबड्डी में प्रमोटर बने और बाद में उन्होंने अपनी टीम भी बनाई। हाल ही में उन्होंने एक मॉडलिंग प्रोजेक्ट में काम करने की योजना भी बनाई थी।
इतना ही नहीं राणा ने 11 दिन पहले ही देहरादून की रहने वाली अपने गर्लफ्रैंड से लव मैरिज की थी, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद उनकी बेदर्दी से हत्या कर दी गई।
राणा के दोस्तों की मानें तो भले ही वह एक संपन्न परिवार से थे, लेकिन मोहाली आने के शुरुआती दिनों में वह बाइक से ही घूमते थे और मेहनत के बल पर उन्होंने ये मुकाम हासिल किया। बताया जाता है कि सिखों के 10वें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी राणा के पूर्वजों के घर में रुके थे और घर में 100 साखियां लिखी थीं।
पुलिस जांच और शुरुआती सुराग
SSP हरमिंदरप्रीत सिंह हंस के अनुसार, घटना के दौरान दो से तीन आरोपियों ने करीब चार से पांच गोलियां चलाईं। आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
बबीहां गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
हत्या के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर बबीहां गैंग की ओर से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें राणा बलाचौरिया की हत्या की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि राणा ने कथित रूप से सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों को पनाह दी थी और इसलिए उसका 'बदला लेने' में वह मारा गया। गैंग ने चेतावनी दी है कि कोई भी खिलाड़ी उनके विरोधियों की टीम में न खेले, नहीं तो परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
मोहाली पुलिस ने इस दावे की जांच शुरू कर दी है और गैंग के नेटवर्क को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।