Milk Price Hike: आम आदमी पर महंगाई की एक और मार पड़ने वाली है। अब दूध के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। मदर डेयरी ने बढ़ती लागत के कारण दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि नई दरें कल यानी गुरुवार (12 नवंबर) से लागू होंगी। दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई, 2026 को कीमतें बढ़ाई थीं। उससे पहले अप्रैल, 2025 में कीमतों में संशोधन किया गया था। इस फैसले का सीधा असर हर दिन दूध खरीदने वाले लाखों परिवारों के बजट पर पड़ेगा।
सूत्रों के अनुसार, मदर डेयरी ने अपने खुले दूध की विभिन्न किस्मों के उपभोक्ता कीमत में दो से चार रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। हालांकि, मदर डेयरी के प्रवक्ता ने पीटीआई के सवाल के जवाब में इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद कीमतें बढ़ गई हैं जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है।
आपको जानकारी के लिए बता दें कि मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-NCR (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कुल मिलाकर, कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है।
अब नई कीमत इस प्रकार है:-
कंपनी के कारोबार में हो रहा लगातार इजाफा
मदर डेयरी ने बेहतर मांग के दम पर पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपये कर लिया था। कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में वृद्धि हुई थी। वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।
दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब घरों का बजट पहले से ही कई जरूरी खर्चों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है। भले ही प्रति लीटर 2 से 4 रुपये की बढ़ोतरी छोटी लगे। लेकिन महीनेभर में रोज दूध खरीदने वाले परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च बन जाएगी। अब 12 नवंबर से मदर डेयरी का दूध खरीदने पर ग्राहकों को नई कीमत चुकानी होगी। हालांकि, अभी कंपनी की तरफ से आधिकारिक बयान आने का इंतजार है।