Hamirpur Bridge Collapse: यूपी के हमीरपुर में बड़ा हादसा, बेतवा नदी पर बन रहा पुल गिरा, 6 मजदूरों की मौत

Hamirpur Bridge Collapse: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा शुक्रवार को तेज आंधी-तूफान के बाद गिर गया। इस हादसे में करीब 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इस घटना की जानकारी अधिकारियों ने दी।

अपडेटेड May 29, 2026 पर 10:49 AM
यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहा पुल ढहा, 6 मजदूरों की मौत

Hamirpur Bridge Collapse: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा शुक्रवार को तेज आंधी-तूफान के बाद गिर गया। इस हादसे में करीब 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इस घटना की जानकारी अधिकारियों ने दी।

बता दें कि यह हादसा सुबह करीब 3 बजे लालपुरा के मोराकंदर परसानी गांव के पास हुआ, जहां गांव को कुरारा क्षेत्र के नैथी गांव से जोड़ने के लिए पुल बनाया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि देर रात इलाके में तेज हवाओं और बारिश के चलते पुल का एक कंक्रीट का हिस्सा अचानक ढह गया।

घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारी और राज्य आपदा राहत बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। जानकारी के मुताबिक, पुल के एक खंभे पर तीन मजदूर फंसे हुए थे और उन्हें निकालने के प्रयास किए गए। मौके पर टेक्निकल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि हादसे की वजह पता चल सके।


इन लोगों की हुई मौत 

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय लोकेन्द्र निषाद और 19 वर्षीय कुलदीप निषाद के रूप में हुई है, जो बांदा जिले के चिल्ला के रहने वाले थे। इसके अलावा 28 वर्षीय सावंत यादव, जो भूरागढ़ के निवासी थे, 30 वर्षीय सभाजीत, हमीरपुर के स्वासा खुर्द निवासी 34 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह चौहान और 42 वर्षीय राजेश पाल की भी इस हादसे में मौत हो गई।

ये लोग पिलर में फंसे 

बांदा जिले के भूरागढ़ के रहने वाले अवधेश निषाद और कल्लू यादव साथ ही नरैनी के राजेश निषाद बाढ़ में फंसे हुए हैं।

अधिकारी ने दी जानकारी

हमीरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अरविंद कुमार वर्मा ने मीडिया को बताया, "हमें आज रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि यहां एक स्लैब गिर गया है, जिसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। इस सूचना पर स्थानीय पुलिस और हम सभी तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं। आप देख सकते हैं कि तीन लोग खंभे पर फंसे हुए हैं, उनकी बचाव के लिए SDRF और हमारी टीम उन्हें निकालने की कोशिश कर रही है... हमने फंसे हुए 6 लोगों में से 5 की पहचान कर ली है। हम स्लैब हटाकर उन्हें बचा लेंगे।"

CM योगी ने जताया दुख

हमीरपुर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है, और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस हादसे के बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर मौके पर पहुंचने और राहत व बचावकार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों का उचित इलाज करवाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने का भी ऐलान किया है।

क्या है पुल गिरने की वजह?

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज आंधी-तूफान के दौरान पुल अचानक भरभराकर गिर गया। जिसके बाद से पुल निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर निर्माण मजबूत होता तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता।

फिलहाल अधिकारी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी। इस बीच राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं, ताकि उसमें फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

यह भी पढ़ें: AC ब्लास्ट से लगी आग में CCI के पहले चेयरमैन पूर्व IAS धनेंद्र कुमार की मौत, हौजखास वाले 3 मंजिला मकान में क्या-क्या हुआ?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।