AC ब्लास्ट से लगी आग में CCI के पहले चेयरमैन पूर्व IAS धनेंद्र कुमार की मौत, हौजखास वाले 3 मंजिला मकान में क्या-क्या हुआ?

Dhanendra Kumar: दिल्ली से एक दुखद खबर सामने आई है। हौज खास इलाके में रह रहें रिटायर्ड IAS अधिकारी और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन धनेंद्र कुमार की उनके घर में एसी फटने के बाद लगी आग से मौत हो गई।

अपडेटेड May 29, 2026 पर 9:50 AM
Story continues below Advertisement
AC ब्लास्ट से लगी आग में CCI के पहले चेयरमैन पूर्व IAS धनेंद्र कुमार की मौत

Dhanendra Kumar: दिल्ली से एक दुखद खबर सामने आई है। हौज खास इलाके में रह रहें रिटायर्ड IAS अधिकारी और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन धनेंद्र कुमार की उनके घर में एसी फटने के बाद लगी आग से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में उनका बेटा घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:18 बजे हुई इस घटना के समय घर में परिवार के सदस्यों और घरेलू सहायकों सहित कुल पांच लोग मौजूद थे। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया।


घटना के बाद 80 साल के पूर्व आईएएस अधिकारी और उनके बेटे को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने बताया कि कुमार की धुएं के कारण दम घुटने से इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उनके बेटे का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस और क्राइम टीम ने बताया कि घटना में किसी तरह की साजिश का संदेह नहीं है। शुरुआती जांच से पता चला है कि घर में लगे एयर कंडीशनर के इनडोर यूनिट में विस्फोट के कारण आग लगी हो सकती है।

IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार के बारे में

  • धनेंद्र कुमार 1968 बैच के IAS अधिकारी थे। उनका प्रशासनिक करियर कई दशकों तक चला, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
  • उन्होंने रक्षा, सड़क परिवहन और राजमार्ग, और संस्कृति जैसे प्रमुख मंत्रालयों में सचिव के रूप में काम किया, जहां उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और सांस्कृतिक विरासत से संबंधित मामलों को संभाला। इसके अलावा, उन्होंने रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉर्पोरेशन (REC) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में भी कार्य किया।
  • अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, कुमार ने 2005 से 2009 के बीच विश्व बैंक में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्रीय आर्थिक और विकास पहलों में योगदान दिया।
  • उन्होंने 2009 से 2011 तक भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के चेयरमैन के रूप में राष्ट्रीय ख्याति अर्जित की, और भारत के प्रतिस्पर्धा कानूनों को मजबूत करने और एकाधिकारवादी प्रथाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
  • उन्होंने राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा नीति तैयार करने और अचल संपत्ति अनुमोदन प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने में सहायक समितियों की अध्यक्षता भी की।
  • हरियाणा में, कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में कार्य किया और HSIIDC के प्रमुख के तौर पर औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
  • रिटायरमेंट के बाद भी वह पब्लिक पॉलिसी और कॉरपोरेट मामलों में सक्रिय रहे। वह प्रतिस्पर्धा सलाहकार सेवा भारत LLP और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स से जुड़े रहे।

यह भी पढ़ें: नेपाल के पीएम बालेन शाह के करीबी समेत उनके पार्टी के 17 सांसद Gen-Z क्रांति को लेकर फंसेंगे? फिर राजनीतिक भूचाल!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।