Barapullah Flyover: दिल्ली में ट्रैफिक की परेशानी कम करने और सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 1,941 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क से जुड़ी चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें लंबे समय से अटके बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर भी शामिल है।
शाह ने इन परियोजनाओं का उद्घाटन बारापुला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता ने ‘डबल इंजन सरकार’ को दिया प्रोजेक्ट्स का श्रेय
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन परियोजनाओं की शुरुआत का श्रेय ‘डबल इंजन सरकार’ को दिया। उन्होंने कहा, “डबल इंजन सरकार होने से ही दिल्ली की रुकी हुई परियोजनाओं को पूरा करके जनता के लिए शुरू किया जा सकता है। केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार मिलकर काम कर रही हैं।”
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ट्रैफिक जाम की समस्या को हल करने के लिए कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है, एक ऐसी समस्या जिसे पिछले 50 सालों से नजरअंदाज किया गया था।
11 साल बाद जनता को मिला बारापुला फ्लाईओवर
कार्यक्रम में मौजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि बारापुला फ्लाईओवर के लिए जनता का 11 साल का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया।
वर्मा ने कहा, "पिछले साल हमने वादा किया था कि बारापुला फ्लाईओवर का काम एक साल में पूरा हो जाएगा और हमने इसे कर दिखाया। पिछले 18 महीनों में आरोपों या बहानेबाजी की कोई राजनीति नहीं हुई, बल्कि सरकार ने सिर्फ जनता के लिए काम किया है।"
बारापुला फेज-3 एलिवेटेड रोड कॉरिडोर, जो चार प्रोजेक्ट्स में सबसे बड़ा है, का मकसद पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच बिना रुकावट के कनेक्टिविटी देना है। यह मयूर विहार फेज-1 और एम्स (AIIMS) को सिग्नल-फ्री रास्तों से जोड़ेगा। यह फ्लाईओवर सराय काले खां में पहले से मौजूद बारापुल्ला फ्लाईओवर से जुड़ जाएगा, जिससे लगभग 10 किलोमीटर का रास्ता तैयार हो जाएगा।
बता दें कि इस प्रोजेक्ट को मंजूरी 2014 में मिली थी और काम 2015 में शुरू हुआ था। शुरू में इसे 2017 में पूरा किया जाना था। लेकिन, इसमें कई बार देरी हुई और लागत भी काफी बढ़ गई, जिससे प्रोजेक्ट की संशोधित लागत लगभग 1,635 करोड़ रुपये हो गई।
अन्य प्रोजेक्ट्स में दक्षिणी दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए दो नए फ्लाईओवर और उत्तरी दिल्ली में आउटर रिंग रोड पर एक अंडरपास बनाना शामिल है।