Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार, 13 मई को लखनऊ में निधन हो गया। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, 38 साल के प्रतीक अचानक बीमार पड़ गए और उन्हें तड़के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया।
वहीं, अब प्रतीक यादव की मौत को लेकर उनके मित्र का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "घर में कुछ होने की अफवाहों पर ध्यान न दें। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और यह एक आकस्मिक मृत्यु थी। पहले वे जिम जाते थे, लेकिन हाल ही में नहीं। वे व्यापारिक दबाव में थे। उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी।"
समाजवादी पार्टी ने एक पोस्ट में कहा, “श्री प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुखद है! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। हमारी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि!”
बता दें कि लखनऊ से आई रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ युवक सुबह करीब 5:20 बजे प्रतीक यादव को अस्पताल लेकर पहुंचे थे और करीब 5:55 बजे उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया गया।
अपर्ण यादव के पति थे प्रतीक
प्रतीक यादव, अपर्णा यादव के पति भी थे। प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक सक्रिय राजनीति से दूर ही रहे। वहीं उनकी पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुकी हैं और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
इसी साल जनवरी में दोनों के रिश्तों में तनाव और तलाक की चर्चाएं सामने आई थीं, जिससे दोनों को लेकर काफी अटकलें लगने लगी थीं। हालांकि, कुछ समय बाद परिवार के करीबी लोगों ने बताया था कि अब दोनों के बीच हालात सामान्य हैं और रिश्तों में आई खटास को सुलझा लिया गया है।