Today Weather Update 18 June: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 जून के लिए देश का विशेष डेली वेदर बुलेटिन जारी कर दिया है। आज देश के कई राज्यों में मौसम का बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। एक तरफ जहां देश के 13 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का कड़ा अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान में 80 Kmph की रफ्तार से विनाशकारी आंधी और तूफान का संकट मंडरा रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत देश के 26 से अधिक राज्यों में आज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बिजली कड़कने की चेतावनी है। इसके उलट उत्तर और मध्य भारत के कुछ पॉकेट्स में आज भी लू का सितम बना रहेगा।
बिहार और बंगाल समेत इन 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज देश के 13 राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की पूरी संभावना है। असम, मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज बेहद भारी बारिश का अलर्ट है। सिक्किम और उप-हिमालयी बंगाल में 18 से 22 जून तक मूसलाधार बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा। बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल व माहे और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में आज भारी बारिश का अनुमान है। बिहार में 18 से 20 जून तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। अगले 4-5 दिनों में इसके बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
राजस्थान में 80 किमी/घंटे का महातूफान और धूलभरी आंधी
आज पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तीव्र चक्रवाती तूफान चलेगा। इसकी अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान में आज और कल (18-19 जून) धूलभरी आंधी चलने का भी अलर्ट है। कल भी यहां 70 किमी/घंटे की रफ्तार वाले थंडरस्क्वाल की आशंका है।
बिहार और ओडिशा में 60 किमी/घंटे का थंडरस्क्वाल
पूर्वी भारत में आज हवाओं का रुख बेहद आक्रामक रहेगा। आईएमडी के मुताबिक आज बिहार और ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से तीव्र झंझावाती तूफान आने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
दिल्ली, यूपी और पंजाब-हरियाणा समेत 26 राज्यों में आंधी-तूफान
आज देश के 26 राज्यों में गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली कड़कने का असर दिखेगा। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, छत्तीसगढ़, विदर्भ, गुजरात क्षेत्र, कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में 40-50 किमी/घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की हवाएं चलेंगी। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में यह दौर 22 जून तक जारी रहेगा। तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल व माहे में 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में आज ओले गिरने की चेतावनी
उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज और कल (18 और 19 जून) हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में भारी आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने का गंभीर अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश, बिहार और एमपी में आज हीट वेव का भी अलर्ट
मौसम के इस विरोधाभास के बीच भीषण गर्मी का प्रकोप भी जारी रहेगा। आज बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र (मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ) के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 22 जून तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जून के बीच लू का असर रहेगा। आंध्र प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, रायलसीमा और कोंकण व गोवा में आज अत्यधिक उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।