UP Aaj Ka Mausam: उत्तर भारतीय राज्यों में प्रचंड गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों खासकर दक्षिणी क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिन के दौरान लू चलने का पूर्वानुमान है। इंडियन मेट्रोलॉजी डिपार्टमेंट (IMD) ने बताया कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब या उससे ऊपर जा सकता है। IMD ने बताया कि पूरे राज्य में शुष्क मौसम बना हुआ है। लगातार पछुआ हवाएं चल रही हैं। बुलेटिन में कहा गया, "दिन के समय पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की आशंका है।"
शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 3.2 डिग्री अधिक है। जबकि राज्य का सर्वाधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान बांदा में दर्ज किया गया।
किस जिलें में कितना है तापमान?
वाराणसी में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 43.1 डिग्री सेल्सियस, सुल्तानपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस और गोरखपुर में 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में पहली बार 40 डिग्री के पार पहुंचा। यहां न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहा।
पूर्वानुमान के अनुसार, लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ दिन तक शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है।
7 राज्यों में 'लू 'का अलर्ट
IMD ने कई राज्यों में लू के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। साथ ही बढ़ते तापमान के बीच लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लिए IMD ने 19 अप्रैल के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि उत्तर प्रदेश में 20 अप्रैल तक, राजस्थान और ओडिशा में 22 अप्रैल तक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 19 अप्रैल को और झारखंड में 20 और 21 अप्रैल को लू की स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग की तरफ से जारी चेतावनी में कहा गया है कि लू से 'हीट स्ट्रोक' (लू लगने) का खतरा बढ़ जाता है। IMD ने अपनी एडवाइजरी में कहा है, "प्रभावित इलाकों के लोगों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मी के संपर्क में आने से बचने के लिए सावधानी बरतें, खूब पानी पिएं और दोपहर के समय (जब गर्मी सबसे ज़्यादा होती है) ज्यादा देर तक बाहर रहने से बचें। IMD से मिलने वाले ताजा पूर्वानुमानों और एडवाइजरी से अपडेट रहें।"