Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन क्रैश, गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी थे सवार

Ahmedabad Plane Crash: 242 यात्रियों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान मेघानीनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल हादसे में घायल लोगों को बचाने का काम जारी है

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 3:08 PM
Story continues below Advertisement
Ahmedabad Plane Crash: गुजरात में अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास मेघानी नगर में एयर इंडिया का फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हुआ

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार (12 जून) को 242 यात्रियों को लेकर जा रहा एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। 242 यात्रियों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार (12 जून) को अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान मेघानीनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल हादसे में घायल लोगों को बचाने का काम जारी है।

न्यूज 18 की रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के भी एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार होने की खबर हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होने का इंतजार है। लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में घायल को भर्ती काराया गया है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की है।

खबरों के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए BSF और NDRF की टीमों को मौके पर रवाना कर दिया गया है। फायर विभाग के अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि विमान के गिरने के बाद उसमें आग लग गई। दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए मौके पर भेजा गया है।


अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा, "एयरपोर्ट के पास मेघाणी नगर में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह अभी साफ नहीं हुआ है कि यह किस तरह का विमान है।" इस हादसे के बारे में और ब्योरे का इंतजार है। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, "अहमदाबाद-लंदन गैटविक उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI171 आज, 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हुई। इस समय, हम विवरण का पता लगा रहे हैं और जल्द से जल्द आगे की जानकारी साझा करेंगे।"

Ahmedabad Plane Crash Live:

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 90 कर्मियों वाली तीन टीमें गांधीनगर से विमान दुर्घटना स्थल पर भेजी गई हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।