एयर इंडिया का अहमदाबाद से लंदन जा रहा विमान दोपहर 1:38 बजे हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे ने पूरे भारत को हिलाकर रख दिया है। हर घंटे दिल पर बोझ बढ़ता जा रहा है। अब तो करीब तीन घंटे बाद बताया जा रहा है कि एक शख्स को छोड़कर सभी यात्रियों की मौत हो गई है। कैसे क्या हुआ, यह बताने वाला सिर्फ एक शख्स बचा है। दुनिया में ऐसे हादसे कम होते हैं, जब कोई यह बताने के लिए नहीं बचता है कि अंतिम पलों में मौत किस तरह से आगे बढ़ रही थी। 241 लोगों के लिए अंतिम कुछ पल कैसे रहे थे,यह बताने के लिए कोई नहीं है।
नीला आसमान करीब से देखने से पहले मौत आ गई
दोपहर 1:35 बजे विमान के टेक-ऑफ करने के बाद अभी यात्रियों को नीला आसमान करीब नजर आने वाला था, तभी पहले धमाका और फिर आग ने सब कुछ खत्म कर दिया। यह विमान लंदन जा रहा था। इसमें कई दर्जन ऐसे ब्रिटिश लोग थे, जो अपने वतन लौट रहे थे। शायद वे इस बात से उत्साहित रहे होंगे कि वे जल्द अपनी बीवी और बच्चों से मिलेंगे, जिन्हें पीछे छोड़ वे कामकाज के सिलसिले में भारत आए थे। लेकिन, उनके और उनके अपनों के बीच एक ऐसा फासला बन गया, जो अब कभी पूरा नहीं होगा। बताया जाता है कि इस विमान में पुर्तगाल के भी करीब आधा दर्जन लोग थे।
उनकी भी जान चली गई जो खाना खाने कैंटीन आए थे
पूरे भारत ने टीवी चैनलों पर सांसें थामकर इस हादसे के विजुअल्स देखा और एंकर की बातें सुनी, जिनसे यह संकेत मिल रहा था कि आगे बुरी खबरों का सिलसिला जारी रहने वाला है। विमान में सवार सभी लोग हादसे का शिकार हो गए। लेकिन, उन मेडिकल स्टूडेंट्स का क्या जो दोपहर का खाना खाने हॉस्टल की कैंटीन आए थे। हादसे के शिकार विमान ने हॉस्टल में लंच कर रहे कई स्टूडेंट्स को भी अपनी जद में ले लिया। कम से कम 5 मेडिकल स्टूडेंट्स के मारे जाने की खबर है।
मलबे के बीच में जले और अधजले इनसानी शरीर बिखरे थे
अब उनकी बातें सुनते हैं, जिन्होंने विमान को आग का गोला बनते देखा। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "मैं घर में था, जब मैंने जोर का धमाका सुना। जब मैं बाहर देखने के लिए निकला तो पाया कि काला धुआं आसमान की तरफ बढ़ रहा है। हम लोग तुरंत नजदीक पहुंचे तो देखा की विमान का मलबा दूर तक फैला था। और इस मलबे के बीच दिख रहा था जलता इनसानी शरीर। शायद कुछ इनसान का शरीर लाश में तब्दील हो चुका था।"
यह भी पढ़ें: Plane Crash में यात्री की मौत होने पर क्या इंश्योरेंस कंपनी से पैसा मिलता है?
हर्षित को पता नहीं कि उनका दोस्त बचेगा या नहीं
सीएनएन-न्यूज18 से बातचीत में मेडिकल स्टूडेंट हर्षित ने कहा, "जब विमान हॉस्टल की इमारत से टकराया तो वह लंच कर रहे थे।" वह भाग्यशाली है कि हादसे के बारे में बताने के लिए बच गए हैं। उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि उसकी हालत कैसी है। आसपास के लोगों का कहना है कि आग बुझाने वाली गाड़ियां जल्द घटनास्थल पर पहुंच गईं। अगर इसमें देर होती तो विमान में सवार लोगों से ज्यादा मौते जमीन पर हो सकती थीं।