AI Impact Summit: यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हंगामा, भारत मंडपम में टी-शर्ट खोलकर की नारेबाजी

AI Impact Summit 2026 : इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक्शन भी लिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, समिट में हंगामा करने वाले चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। वे चेक कर रहे हैं कि वे पास या QR कोड से अंदर आए थे या नहीं। जानकारी के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान वहां देश-विदेश के कई गणमान्य लोग मौजूद थे

अपडेटेड Feb 20, 2026 पर 2:34 PM
Story continues below Advertisement
AI इम्पैक्ट समिट में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया।

राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे AI इम्पैक्ट समिट में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। जानकारी के मुताबिक, इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में अपने टीशर्ट उतार कर प्रदर्शन किया और पीएम मोदी के खिलाफ नारे लगाए। वहीं इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक्शन भी लिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, समिट में हंगामा करने वाले चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। वे चेक कर रहे हैं कि वे पास या QR कोड से अंदर आए थे या नहीं।

दिल्ली पुलिस ने लिया एक्शन 


प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रोटेस्ट के संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है। सामने आए वीडियो से साफ पता चलता है कि, प्रदर्शनकारी अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। वे सरकार के इस फैसले का विरोध जता रहे थे। विपक्षी पार्टी कांग्रेस का कहना है कि अमेरिका के साथ जो नया ट्रेड समझौता किया गया है, उससे भारत को सही और पूरा फायदा नहीं मिल पाया है। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेर रही है और समझौते पर सवाल उठा रही है।

भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना 

वहीं भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के वर्कर्स के प्रोटेस्ट पर BJP के नेशनल स्पोक्सपर्सन शहजाद पूनावाला ने कहा, "कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए AI एम्बिशियस इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एस्पिरेशनल इंडिया नहीं है। उनके लिए AI एंटी-इंडिया है। यह INC नहीं है, यह ANC है, एंटी-नेशनल कांग्रेस है। AI समिट की दुनिया भर में तारीफ हो रही है। फ्रांस के प्रेसिडेंट मैक्रों से लेकर यूनाइटेड नेशंस सेक्रेटरी जनरल तक, टॉप टेक कंपनी के बड़े लोगों तक, सैम ऑल्टमैन से लेकर सुंदर पिचाई तक, हर कोई इसकी तारीफ कर रहा है। यहां तक ​​कि शशि थरूर ने भी कहा कि AI समिट बहुत बढ़िया था। लेकिन राहुल गांधी के कहने पर कांग्रेस पार्टी प्रोटेस्ट कर रही है। यह एक कैरेक्टरलेस, ब्रेनलेस, इमोशनलेस प्रोटेस्ट है। यह BJP के खिलाफ प्रोटेस्ट नहीं है, यह PM के खिलाफ प्रोटेस्ट नहीं है, यह इंडिया की अचीवमेंट्स के खिलाफ प्रोटेस्ट है।"

प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस के एक्शन पर इंडियन यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब ने कहा, "हमारे यूथ कांग्रेस के साथी राहुल गांधी के सिपाही हैं। वे डरेंगे नहीं। जब राहुल गांधी के खिलाफ FIR नहीं हुई थी, तो ED का केस इतने सालों तक चलता रहा। उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया। BJP किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन हम संविधान के सिपाही हैं, राहुल गांधी के सिपाही हैं। हम पीछे नहीं हटेंगे। हम देश के युवाओं के लिए अपनी आवाज उठाएंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।